बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन के यात्रीगण ध्यान दें, आप अपने सामान की रक्षा करते रहें

बिहारशरीफ

Biharsharif/Avinash pandey : कृप्या ध्यान दें। यह बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन है। यहां अपने सामान की रखवाली करते रहें। नहीं तो गड़बड़ हो सकता है। सुरक्षा का यही हाल बिहारशरीफ रेलवे स्टेशन का है। प्लेटफॉर्म पर ट्रेन आने व जाने के वक्त असमाजिक तत्व सक्रिय हो जाते हैं। रेल पुलिस को भनक- वनक नहीं लगती। शुक्रवार यानि 19 मई 2023 की बात है। रेल पुलिस के नाक के नीचे से चैन स्नैचिंग की दो घटना एक साथ घट गई। श्रमजीवी एक्सप्रेस पर चढ़ने के दौरान यह घटना घटी। जिसमें 2 महिलाओं के गले से सोने की चेन खींच ली गई। चेन की कीमत करीब 3 लाख बताई जा रही है।

बिहारशरीफ शहर के महल पर निवासी सत्यप्रकाश प्रिय ने इस संबंध में रेल थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी बहन प्रियंका रंजन, बहनोई अमित रंजन, माता मालती सिन्हा व भांजी प्रियांशी व अंकिता श्रमजीवी एक्सप्रेस में सवार होकर दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। आधे घंटे के बाद बहन ने बताया कि उनकी व मां के गले से सोने की चेन गायब है। उन्होंने बताया कि ट्रेन पर सवार होने के दौरान बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन खींच ली।

इसके बाद रेल थानाध्यक्ष को घटना की सूचना दी गई। रेल थानाध्यक्ष ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। अमूमन देखा जाता है कि राजगीर से नई दिल्ली को जाने वाली श्रमजीवी एक्सप्रेस ट्रेन पर चढ़ने के दौरान पॉकेट कटर व चेन स्नेचर काफी एक्टिव रहते हैं। उनका मुख्य टारगेट महिला यात्री होती है।