प्रियंका गांधी का मास्टर स्ट्रोक, बाल्मीकि समाज से कहा- चुनाव लड़ने के लिए एक नाम दें

आगरा

आगरा, प्रशांत मिश्रा। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को ताजनगरी के अपने चुनाव अभियान के दौरान मास्टर स्ट्रोक लगाया। उन्होंने बाल्मीकि समाज के लोगों से
कहा कि  वह एक ऐसा नाम दें जो यहाँ चुनाव लड़ सके जिससे पूरे देश व प्रदेश में संदेश जाए कि बाल्मीकि समाज अपनी लड़ाई खुद लड़ सकता है।

बाल्मीकि समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने पिछले दिनों प्रियंका गांधी को आगरा आने को आमंत्रित किया था जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया था और उसी सिलसिले में बुधवार को यहां पहुंची। प्रियंका के दौरे को लेकर यहां कांग्रेसियों में विशेष उत्साह दिखाइ दिया।

उनके आगमन से पूर्व ही एमजी रोड को पार्टी के झंडों से पाट दिया गया था। पुलिस ने एहतियातन प्रियंका गांधी के काफिले के पहुंचने से पहले ही एमजी रोड पर एक ओर का ट्रैफिक रोक दिया था। इससे पहले उन्होंने फीरोजाबाद के सिरसागंज में महिलाओं के साथ संवाद कार्यक्रम ‘लड़की हूं मैं, लड़ सकती हूं ‘ में भाग लिया।

यहां सुभाष पार्क स्थिति बाल्मीकि वाटिका में उन्होंने कांग्रेसियों से वार्ता की। इसके बाद पत्रकारों के सवालों के जवाब देते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि हाथरस में वाल्मीकि समाज के साथ अत्याचार हुआ। यहां भी यही देखा। हम क्या कर सकते हैं। बार बार अत्याचार हो रहा है। हाथरस में देखा, यहां देखा। सोच रही थी कि हम किस तरह से संदेश दे सकते हैं कि वाल्मीकि समाज कैसे अपनी लड़ाई स्वयं लड़ सके।