माधोपुर पैक्स में 1 करोड़ 2 लाख 15 हजार 216 रुपये अवैध निकासी का मामला उजागर

बेतिया

मझौलिया थाना में पूर्व पैक्स अध्यक्ष के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज

अवधेश कुमार शर्मा, बेतिया : पश्चिम चम्पारण जिला अंतर्गत मझौलिया प्रखण्ड क्षेत्र के माधोपुर पैक्स एक बार फिर सुर्खियों में है। पैक्स में उपभोक्ता अपनी जमा राशि वापस पाने के लिए दर-दर भटक रहे हैं। सभी कानूनी प्रक्रिया के बाद भी जमाकर्ताओं की जमा राशि का भुगतान पैक्स नहीं कर रहा है। पैक्स की योजनाओं में राशि जमा करने वाले उपभोक्ता, आवश्यकता पड़ने पर अपनी जमा राशि के लिए पैक्स का चक्कर काट रहे हैं। पैक्स में राशि जमा करने वाले कई जमाकर्ता पूर्व अध्यक्ष शत्रुघन कुमार सिंह से राशि भुगतान की फरियाद कर थक चुके हैं। ग्रामीण सूत्र बताते हैं कि पैक्स के विरुद्ध कई प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद भी पूर्व अध्यक्ष निर्भीक व अड़ियल रवैया अपनाए हैं।

जिससे पैक्स उपभोक्ता (जमाकर्ता) परेशान और तंगहाल हैं। प्रखण्ड सहकारिता प्रसार पदाधिकारी प्रशांत कुमार मिश्र ने माधोपुर पैक्स के जमाकर्ताओं की राशि पूर्व अध्यक्ष शत्रुधन कुमार सिंह के गबन करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराया है। उल्लेखनीय है कि जिला सहकारिता पदाधिकारी के पत्रांक 1479 दिनांक 10 नवंबर 2022, पत्रांक 1577 दिनांक 2 दिसंबर 2022, पत्रांक 1634 दिनांक 19 दिसंबर 2022 एवं पत्रांक 125 दिनांक 30 जनवरी 2022 द्वारा पूर्व अध्यक्ष को जमाकर्ताओं की राशि भुगतान को कई बार निदेशित किया गया, अलबत्ता पूर्व अध्यक्ष ने जमाकर्ताओं की जमा राशि का भुगतान नहीं किया है।

बताया गया है कि विशेष अंकेक्षण कार्य में पूर्व अध्यक्ष ने सहयोग नही किया है तथा विभाग निर्गत पत्रों का अनुपालन भी नही किया है। उल्लेखनीय है कि पूर्व अध्यक्ष ने एक करोड़ दो लाख पंद्रह हजार दो सौ सोलह रुपये की अवैध निकासी कर चुके हैं। पुलिस को दिये आवेदन के आलोक में मझौलिया थानाध्यक्ष अभय कुमार ने बताया कि राशि गबन की धारा 409 आईपीसी अंतर्गत कांड संख्या 298/ 2023 दर्ज कर अनुसंधान प्रारम्भ किया जा चुका है।