नालंदा: DM ने की धान अधिप्राप्ति की समीक्षा

बिहार

— चावल की गुणवत्ता निर्धारित मानक के अनुरूप हो, इसे हर हाल में सुनिश्चित करें: DM

बिहारशरीफ/ अविनाश पांडेय: DM शशांक शुभंकर गुरुवार को धान अधिप्राप्ति की समीक्षा की। जिला के लिए 2 लाख एमटी के निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 70 हजार 163 एमटी धान की अधिप्राप्ति की गई है। यह धान जिला के 9058 से क्रय किया गया है। अधिप्राप्ति किये गए धान के विरुद्ध लगभग 88 प्रतिशत का भुगतान किया गया है।

जिलाधिकारी ने धान अधिप्राप्ति से संबंधित शिकायतों के लिए कृषि विभाग में एक नियंत्रण कक्ष स्थापित करने का निर्देश दिया। जिन किसानों से अब तक धान की अधिप्राप्ति की गई है, इसकी सूची जिला कृषि पदाधिकारी को उपलब्ध कराने का निर्देश जिला सहकारिता पदाधिकारी को दिया गया। जिला कृषि पदाधिकारी को किसान सलाहकार के माध्यम से इन किसानों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। आगे भी धान अधिप्राप्ति में धान बिक्री करने वाले किसानों की सूची प्रतिदिन जिला कृषि पदाधिकारी को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। उन्हें प्रतिदिन धान बिक्री करने वाले किसानों का भौतिक सत्यापन कराने को कहा गया।

अधिप्राप्ति के लिए सभी पंचायतों में किसान सलाहकार के माध्यम से अधिप्राप्ति चौपाल का आयोजन आगामी 3 दिनों के अंदर सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। इस चौपाल के माध्यम से अधिप्राप्ति से संबंधित किसानों की समस्याओं को संकलित करने को कहा गया। जिला प्रबंधक राज्य खाद्य निगम को सभी 11 सीएमआर गोदामों का स्वयं निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा गया। सभी सीएमआर गोदाम पर सीसीटीवी कैमरा लगाने का निर्देश दिया गया। अधिप्राप्ति से संबंधित सभी रिकॉर्ड का संधारण विधिवत सुनिश्चित कराने को कहा गया।

चावल की गुणवत्ता निर्धारित मानक के अनुरूप हो, इसे हर हाल में सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला प्रबंधक राज्य खाद्य निगम, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, एमडी कोऑपरेटिव बैंक सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

यह भी पढ़े …..