बिहार : भोजपुर में बारात के दौरान हर्ष फायरिंग में डॉक्टर के पुत्र को लगी गोली

Local news आरा पटना बिहार

पटना/स्टेट डेस्क। भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर बाजार में बारात के दौरान हर्ष फायरिंग हुई। हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से छत की रेलिंग पर खड़ा डॉक्टर का पुत्र जख्मी हो गया। जख्मी किशोर को गोली दाहिने साइड सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।

इसके बाद उसे आरा शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज कराया जा रहा है। जानकारी के अनुसार जख्मी किशोर मूल रूप से बक्सर जिले के डुमरांव थाना क्षेत्र के डुमरांव थाना रोड निवासी विनय कुमार सिंह का 15 वर्षीय पुत्र रणवीर कुमार सिंह है एवं वह 10वीं कक्षा का छात्र है। उसके पिता विनय कुमार सिंह एक डेंटल डॉक्टर हैं और डुमरांव थाना रोड पर अपना डेंटल क्लीनिक चलाते हैं। वे करीब आठ वर्ष से पटना जिले के दानापुर सगुना मोड़ पर अपना मकान बनाकर रह रहे हैं।

घटनाक्रम के मुताबिक जख्मी किशोर रणवीर कुमार सिंह अपने मां-बाप के साथ दो दिन पूर्व अपने छोटे मामा संजय कुमार सिंह के बेटे चिरंजीवी के बर्थडे में शामिल होने शाहपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर बाजार वार्ड नंबर 5 स्थित अपने नानी घर आया था। बर्थडे पार्टी खत्म होने के बाद उसके मां-बाप वापस चले गए, जबकि वह अपने नानी के घर ही रुक गया। इसी बीच यज घटना घट गई।

इधर, जख्मी किशोर के मामा सदन सिंह ने बताया कि उनके पट्टीदार में लड़की की बारात आई हुई थी। मंगलवार की रात उनका भांजा रणवीर कुमार सिंह अन्य बच्चों के साथ छत की रेलिंग पर खड़ा था और नीचे बारात लग रही थी। उसी दौरान बारात में ही एक युवक ने हर्ष फायरिंग कर दी और गोली रणवीर के सीने में लग गई, जिससे वह गंभीर रुप से जख्मी हो गया। इसके बाद उसे आरा शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज कराया जा रहा है।

यह भी पढ़ें…

वहीं इलाज कर रहे सर्जन चिकित्सक डॉ. विकास सिंह ने बताया कि गोली से जख्मी एक लड़का आया है और उसे सीने में दाहिने साइड में गोली है। गोली लगने से उसका खून काफी बह गया है। उसके सीने में चेस्ट ट्यूब डाला गया है और उसके सीने में काफी फॉर्म भर गया था जिसे डेढ़ स्ट्राइक ब्लड कर निकाला गया है। अभी लड़के का बीपी और पल्स उतना स्टेबल नहीं है अभी उसे दो से तीन दिनों तक ऑब्जर्वेशन में रखा जाएगा। उसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है।