बिहार : भोजपुर में धूमधाम से मनाया जा रहा है वीर कुंवर सिंह विजयोत्सव, एक साथ फहराए जाएंगे 75 हज़ार तिरंगे

Local news आरा बिहार

स्टेट डेस्क/पटना। आज बिहार में बाबू वीर कुंवर सिंह विजयोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। 23 अप्रैल 1858 को अंग्रेजों के खिलाफ बाबू वीर कुंवर सिंह को मिली जीत की स्मृति में भोजपुर जिलांतर्गत जगदीशपुर के दुलौर मैदान में विजयोत्सव समारोह का आयोजन किया गया है। इसमें शामिल होने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी बिहार पहुंचे हैं।

इस समारोह में अमित शाह के सामने एक साथ 75 हज़ार तिरंगे फहराए जाएंगे। इस अवसर पर बिहार विश्व स्तर पर रिकॉर्ड बनाने जा रहा है। इससे पहले यह रिकॉर्ड पाकिस्तान के नाम था। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम भी जगदीशुपर में मौजूद है।

विजयोत्सव कार्यक्रम में शामिल लोग हाथों में राष्ट्रीय ध्वज ‘तिरंगा’ लेकर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में इतिहास दर्ज करने के लिए काफी उत्साहित दिख रहे हैं। विजयोत्सव समारोह में आरा ही नहीं बल्कि पूरे बिहार और देश के कोने-कोने से लोग कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंच रहे हैं।

दुलौर स्थित विजयोत्सव कार्यक्रम स्थल पर भारी संख्या में लोग हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर आज गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में इतिहास रचने की बात कह रहे हैं। जब कार्यक्रम में आ रहे लोगों से बात की गई तो उन्होंने कहा कि हम लोगों में काफी उत्साह है। विजयोत्सव को लेकर लेकर हम सभी को गर्व है कि आज 1857 के महानायक वीर कुंवर की धरती पर आए हैं।

आज यहां उपस्थित एक लाख लोग पाकिस्तान का रिकार्ड तोड़कर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के साथ इस कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं, जो काफी गर्व की बात है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में केन्द्रीय मंत्री से लेकर बिहार के मंत्री, विधायक और कार्यकर्ता सभी लगे हुए हैं।

विजयोत्सव में शामिल होने आ रहे देश के गृह मंत्री अमित शाह और सभा स्थल पर पहुंच रहे लोगों की सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया। सुरक्षा की मॉनिटरिंग भोजपुर एसपी विनय तिवारी खुद कर रहे हैं। एसपी विनय तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर पुलिस काफी तत्पर है। सभी जगह भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

यह भी पढ़ें…