सीवान/दिवाकर श्रीवास्तव। शहर में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। तमाम प्रयासों के बाद भी जब चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग सका तक पुलिस ने चोरों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान शुरू किया। नतीजा यह रहा कि पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक चोर गिरोह का खुलासा कर दिया।
नगर थानाध्यक्ष जयप्रकाश पंडित की अगुवाई में एएसआई पंकज कुमार ठाकुर सहित टाइगर टीम ने चोर गिरोह के छह सदस्यों को धर दबोचा। पुलिस को इनके पास से दस लाख से भी ज्यादा का सामान बरामद हुआ है। पुलिस की पूछताछ में चोरों ने एक दर्जन से अधिक चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है। नगर थाना क्षेत्र के मखदूम सराय मिस्कार टोली में इनका ठिकाना है। जब मंगलवार की सुबह टीम पहुचीं तो बदमाशों ने फायरिंग की, लेकिन गोली फंस जाने के कारण वे अपने मकसद में कामयाब नहीं हो सके। तीन घरों में छापेमारी के बाद एक पिस्टल, देशी कट्टा, एक अष्टधातु की मूर्ति, मोबाइल आईफोन और एलईडी टीवी बरामद किया गया।
यह भी पढ़ें…
स्थानीय निवासी शहाबुद्दीन ने बताया कि गिरफ्तार चोरों का सरगना अब्बास काॅलोनी सलोनेपुर का है। कुछ साल से यहां घर बना कर लोग रह रहे हैं। पहले महिला सदस्यों के माध्यम से घर की रेकी करवाते हैं और फिर चोरी की घटना को अंजाम देते हैं। इस गिरोह में दो महिला एवं चार पुरुष हैं। नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि सभी के बारे में जानकारी हासिल की जा रही है।