वरिष्ठ पत्रकार कमाल खान के निधन पर प्रियंका गांधी, मायावती और अखिलेश यादव ने व्यक्त की शोक संवेदना

Local news उत्तर प्रदेश लखनऊ

स्टेट डेस्क/लखनऊ। वरिष्ठ पत्रकार और एनडीटीवी के एक्जीक्यूटिव एडिटर कमाल खान के आकस्मिक निधन पर सर्वत्र शोक के बीच उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, बसपा सुप्रीमो मायावती, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित और विधानसभा के उपाध्यक्ष नितिन अग्रवाल ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के अध्यक्ष हेमंत तिवारी और सचिव शिव शरण ने वरिष्ठ पत्रकार कमाल खान के असामयिक अवसान पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की दीर्घकाल तक सेवा करने के पूर्व उन्होंने नवभारत टाइम्स, अमृत प्रभात और दैनिक जागरण जैसे समाचार पत्रों में अपनी सेवाएं दीं।

एनडीटीवी में उनकी विशिष्ट शैली की रिपोर्टिंग और पैनी टिप्पणियों के लाखों लोग कायल थे। विधानसभा के उपाध्यक्ष नितिन अग्रवाल ने वरिष्ठ पत्रकार कमाल खान के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अग्रवाल ने अपने शोक संदेश कहा कि कमाल खान एनडीटीवी में अपने बेबाक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते थे उनके असामयिक निधन से पत्रकारिता जगत में शून्यता आई है।

अग्रवाल ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है। प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने एनडीटीवी के वरिष्ठ पत्रकार कमाल खान के असामयिक निधन का संदेश जानकर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कमाल खान पत्रकारिता जगत एवं ग्राउंड रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते थे उनके निधन से पत्रकारिता जगत की अपूरणीय क्षति हुई है।

दीक्षित ने ईश्वर से प्रार्थना की है वह दिवंगत आत्मा को चिर शांति व शोकाकुल परिवार को इस अपार दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने वरिष्ठ पत्रकार कमाल खान के निधन पर अपनी संवेदना व्यक्त की। विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी भाषा के जादूगर और जन पक्षधर वरिष्ठ पत्रकार कमाल खान के असामयिक निधन से दु:खी हैं। उन्होंने कहा कि एक ऊर्जावान और मुखर पत्रकार साथी का जाना अत्यधिक कष्टदायक है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोक संतप्त परिवार को इस दु :ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

यह भी पढ़ें…