योगी प्रत्याशी घोषित, मायावती नहीं लड़ेंगी, अखिलेश व प्रियंका में संशय बरकरार

Politics उत्तर प्रदेश

चुनाव डेस्क। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ अयोध्या विधानसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार होंगे। उनकी उम्मीदवारी की घोषणा होते ही अयोध्या में संत समाज द्वारा लड्डू बांटे जाने लगे। चुनाव मैदान में एक दूसरे को टक्कर देने वाले चार प्रमुख दलों में चेहरे के रूप में यूपी से योगी हैं तो सपा से अखिलेश यादव, बसपा से मायावती और कांग्रेस प्रियंका गांधी। अभी तक सिर्फ योगी के नाम की अधिकृत घोषणा की गयी है।

सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव मैनपुरी की किसी विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाए जा सकते हैं। इस पर अभी मंथन जारी है जबकि बसपा अध्यक्ष मायावती ने साफ बयान दिया है कि वह विधानसभा चुनाव फिलहाल नहीं लड़ेंगी। यही नहीं महासचिव सतीश मिश्रा भी नहीं लड़ेंगे। हालांकि रायबरेली या अमेठी की किसी विधानसभा सीट से प्रियंका गांधी को प्रत्याशी बनाकर लड़ाने की संभावनाओं पर भी कांग्रेस काम कर रही है पर खुद प्रियंका का कहना है कि विधानसभा लड़ने पर उन्होंने अब तक कोई निर्णय नहीं लिया है।

चुनावी तैयारियों के दौरान राजनीतिक दलों और आम लोगों में चर्चा हो रही है कि पार्टियों के चेहरे के रूप में जो लोग सामने हैं क्या वे विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। इसी कड़ी में अब तक योगी आदित्यनाथ का ही नाम सामने आ सका है। वह अयोध्या से हाथ आजमाएंगे। समाजवादी पार्टी की ओर से अखिलेश को चुनाव लड़ाने पर अब तक कोई बयान नहीं आया है। मायावती ने साफ मना कर दिया है। प्रियंका यदि चुनाव लड़ती हैं तो वह गांधी-नेहरू परिवार की पहली नेता होंगी जो विधानसभा चुनाव लड़ेंगी।

यह भी पढ़ें…