लद्दाख सड़क हादसे में बिहार के लाल सैनिक रामानुज कुमार हुए शहीद

ट्रेंडिंग

स्टेट डेस्क/ पटना। शुक्रवार को लद्दाख के तुरतुक सेक्टर में घटित सड़क दुर्घटना में सात सैनिकों की मौत हो गई और 19 अन्य घायल हो गये थे। शहीद हुए सैनिकों में बिहार का भी एक लाल शामिल है। यह जानकारी सेना के अधिकारियों ने मीडिया को दी। थोइसे से करीब 25 किमी दूर सुबह करीब नौ बजे यह दुर्घटना हुई। सभी घायलों को हरियाणा के पंचकुला जिले में चंडीमंदिर स्थित सेना के पश्चिमी कमान अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इस दुर्घटना में बिहार की राजधानी पटना के पालीगंज के लाल रामानुज कुमार भी शहीद हो गये है। सूत्रों के अनुसार सैनिक रामानुज कुमार कुछ दिन पहले ही अपनी बहन की शादी में शामिल होकर ड्यूटी पर लौटे थे। शहीद होने की सूचना जब उनके गांव पहुंची तो वह मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।

शहीद सैनिक के पिता लल्लन यादव को जब यह खबर मिली तो सुनते ही अचेत हो गए। लोग शहीद के दरवाजे पर पहुंच कर परिजनों को ढाढ़स बंधा रहे हैं। जानकारी के अनुसार सैनिक रामानुज कुमार एक माह पहले अपनी बहन की शादी में शामिल होने गांव आया था। वह 26 अप्रैल को वह अपनी ड्यूटी पर वापस लौट गया था. रामानुज कुमार महाराष्ट्र के मराठा रेजिमेंट में 2016 में भर्ती हुआ था। पालीगंज के लाल रामानुज कुमार के शहादत पर सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है।