बिहार में कोरोना विस्फोट: 24 घंटे में 4526 नए केस, पटना में 1956 पॉजिटिव!

ट्रेंडिंग

स्टेट डेस्क: बिहार में तेजी से फैलते कोरोना का हॉट स्पॉट पटना बन गया है। शनिवार सुबह से दोपहर 2 बजे तक 1,933 नए मामले आए हैं। इसमें 17 साल से नीचे के 70 बच्चे हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।

वहीं, सुबह RJD कार्यालय में हुई जांच में 8 लोग पॉजिटिव पाए गए। इसके बाद एहतियात के तौर पर ऑफिस को बंद किया गया है। वहीं, शनिवार को बिहार में 24 घंटे में 4526 नए मामले आए हैं। पटना में 24 घंटे में 1956 नए मामले आए हैं।

RJD प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा कि हमारे सभी कर्मचारी और पदाधिकारी कोविड जांच में सुरक्षित पाए गए हैं, लेकिन पोर्टल के कुछ लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। कोरोना की बढ़ती स्थिति को देखते हुए कार्यालय अगले आदेश तक के लिए बंद किया गया है।

बिहार में शुक्रवार को 3048 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। पिछले 24 घंटे में राज्य में 28 प्रतिशत संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ी है। गुरुवार को 2,379 नए संक्रमित मरीज मिले थे। बिहार में इससे पहले 25 मई को 3306 नए कोरोना मरीज मिले थे।

वहीं, पटना जिला न्याय मंडल में 6 जज, 2 वकील पॉजिटिव मिले। आरा व्यवहार न्यायालय में भी 3 जज और 10 न्यायालय कर्मी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। हाईकोर्ट के आदेश पर सिविल कोर्ट में सभी न्यायधीश और न्यायालय कर्मियों की कोरोना जांच कराई जा रही है।

वहीं, अब हॉस्पिटल में भर्ती होने वालों की संख्या में भी तेजी से बढ़ोत्तरी हो रही है। बीते 24 घंटे में पटना AIIMS में 6 साल की मासूम के साथ 33 नए मरीज भर्ती हुए हैं। संक्रमण के मामले जिस तरह से बढ़ रहे हैं उसी हिसाब से हॉस्पिटल में भी भीड़ बढ़ रही है। राज्य में 24 घंटे के दौरान 1,84,750 लोगों की जांच हुई, जिसमें 3,048 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यानी हर घंटे 127 संक्रमित। वहीं, 342 संक्रमितों ने कोरोना को मात भी दी है, इसके बावजूद एक्टिव मरीजों की संख्या 8,489 पहुंच गई है।