पटना (नियाज़ आलम) : आखिरकार वो दिन आ ही गया, जिसका उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी को लंबे अरसे से इंतजार था। तमाम राजनीतिक उठापटक और कानूनी दावपेंच के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा खाली किए गए 5, देशरत्न मार्ग स्थित सरकारी बंगले के बाहर डिप्टी सीएम सुशील मोदी के नाम का बोर्ड लगा दिया गया है।
जी हां, आज शाम 4 बजे उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी 5 देशरत्न मार्ग वाले सरकारी बंगले में प्रवेश करेंगे। इसके लिए तमाम तैयारियां की जा चुकी है। गृह प्रवेश के लिए बाकायदा मीडिया को भी सूचित किया जा चुका है। पूरे तामझाम के साथ सुशील मोदी बंगले में प्रवेश करेंगे।
बता दें कि लंबे कानूनी दाव पेच के बाद तेजस्वी यादव का पटना के 5, देशरत्न मार्ग का बंगला उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी को आवंटित किया जा चुका है। तेजस्वी इस बंगले में तब से रह रहे थे, जब वे महागठबंधन की सरकार में उपमुख्यमंत्री थे।
बाद में सरकार ने उन्हें दूसरा बंगला अलॉट किया, जिसमें वे नहीं गए। इसके बाद उन्होंने वर्तमान बंगले के लिए कानूनी लड़ाई लड़ी, जिसमें अंतत: हार गए। तेजस्वी यादव अब अपने लिए आवंटित 1, पोलो रोड के बंगले में जाएंगे। और सुशील मोदी 5, देशरत्न मार्ग के बंगले में शिफ्ट हो रहे हैं.