बिहार : नीतीश ने फहराया तिरंगा और पूरे सूबे को पांच घंटे में पटना से जोड़ने की बात दोहराई

News ट्रेंडिंग पटना बिहार

पटना, बीपी प्रतिनिधि। बिहार में स्‍वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह गांधी मैदान में मनाया गया। जहां मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने तिरंगा फहराया। सीएम नीतीश कुमार ने राज्य और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी। इस दौरान नौ विभागों की झांकियां निकाली गई। मौके पर सीएम ने पूरे बिहार के हर स्थान को राजधानी पटना से पांच घंटे के अंतराल पर जोड़ने के अपने लक्ष्य को दोहराया।

शराबबंदी पर सीएम ने कहा कि शराब कितनी बुरी चीज है, यह सब लोगों को जानना चाहिए। बापू ने शराब पीने वालों को लेकर जो कहा है, वो सबको पढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम बापू के विचारों पर काम कर रहे हैं। इस दौरान सुरक्षा को देखते हुए 51 स्‍थानों पर 85 मजिस्‍ट्रेट एवं पु‍लिस की तैनाती की गई थी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि आज स्‍वतंत्रता दिवस के मौके हम सभी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन करते हैं। देश की आजादी में उन लोगों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। देश के जल, थल और वायु की रक्षा करने वाले भारतीय जवानों को भी नमन करने के साथ सीएम नीतीश ने खेल जगत में बिहार का परचम लहराने वाले खिलाड़ियों को बधाई भी दी।

सीएम ने बताया कि इस वर्ष राज्य में सूखे की हालत हैं। किसानों की मदद के लिए सरकार ने डीजल अनुदान देने की योजना बनाई है। सीएम नीतीश ने बताया कि कोरोना की वजह से जनता दरबार को बंद कर दिया गया था। लेकिन अब स्थिति ठीक होने के बाद पुनः इसे शुरू कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की सरकार लड़कियों को बढ़ावा देने के लिए भी काम कर रही है। शिक्षा के लिए 7 हजार 530 करोड़ की योजना बनाई गई है। लड़कियों को अलग से प्रोत्साहान राशि दी जा रही है। बच्चियों के पढ़ने लिखने से राज्य के प्रजनन दर में भी कमी आई है। यह स्थिति और सुधरेगी।