बिहार में NDA को झटका देगी VIP, सहनी की RJD नेता से मुलाकात के बाद अटकलें तेज!

ट्रेंडिंग

स्टेट डेस्क: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से सीटों के तालमेल नहीं होने से नाराज बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार में शामिल विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख से मुख्य विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रवक्ता ने आज मुलाकात कर अचानक राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है।

राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी बुधवार की रात अचानक वीआईपी प्रमुख और बिहार के मत्स्य व पशुपालन मंत्री मुकेश सहनी के यहां सरकारी आवास पर मिलने पहुंचे। दोनों के नेताओं के बीच तकरीबन एक घंटे तक बंद कमरे में बातचीत हुई।

मुलाकात के बाद तिवारी ने कहा कि अरुण साहनी नाम का मैराथन खिलाड़ी है, जो वैशाली जिले का रहने वाला है। वह एक चैंपियन खिलाड़ी है। उसकी नौकरी के सिलसिले में मंत्री सहनी से वह मिलने आए थे। उन्होंने कहा,” हम तो शुरू से ही खिलाड़ी के लिए लड़ते आए हैं। अरुण सहनी तो वैशाली से दौड़कर पटना आ जाता है। उसके साथ न्याय नहीं हो रहा है।”

राजद प्रवक्ता तिवारी ने कहा कि मंत्री सहनी जिस समाज का प्रतिनिधत्वि करते हैं और वह उनके हक की लड़ाई लड़ते है। उसी समाज का खिलाड़ी अरुण सहनी है। वह यहां राजनीति करने के लिए नहीं आए थे। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि बिहार में सरकार की नैय्या डगमगा गई है। मंत्री सहनी के पास सरकार का पतवार है और पतवार जब्त हो जाएगा तो बिहार में सरकार डूब जाएगी।

गौरतलब है कि सहनी फिलहाल भाजपा से नाराज चल रहे हैं। राजद की ओर से उन्हें पार्टी के साथ आने का निमंत्रण पहले ही दिया जा चुका है। तिवारी ने इससे पूर्व भी कहा था कि सुबह का भुला शाम को घर आ जाये तो उसे भुला नहीं कहते हैं। सहनी राजग के साथ जाने से पूर्व मुख्य विपक्षी राजद नीत महागठबंधन में शामिल थे।