चंपारण : झंडा मेला के आर्केस्ट्रा में हुई हर्ष फायरिंग, दो घायल, प्राथमिकी दर्ज

पूर्वी चंपारण बिहार

हरसिद्धि, बीपी प्रतिनिधि। थाना क्षेत्र के जागापाकड पैक्स गोदाम के समीप महावीरी झंडा में हो रहे आर्केस्ट्रा में हर्ष फायरिंग हुई। जिसमें दो युवक जख्मी हो गए। जख्मी युवक जागापाकड़ के हिमांशु ठाकुर का पुत्र प्रियांशु राज और विनोद साह का पुत्र विकास कुमार बताए जा रहे हैं। जिनका गोपनीय ढंग से परिजन निजी नर्सिंग होम में इलाज करा रहे हैं। थानाध्यक्ष ज्वाला कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पूछताछ में इस बात की जानकारी हुई कि इस घटना में दो लोग प्रियांशु राज और विकास कुमार घायल हैं।

लेकिन उनका इलाज कहां चल रहा है इसकी जानकारी नहीं मिली। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों घायलों के अभिभावकों से मिलने की कोशिश की गई, लेकिन दोनों के अभिभावक मिलकर बात करने से इंकार कर दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि बिना किसी अनुमति के मेला का आयोजन किया गया था और वह आयोजन चंदन दुबे ने किया था। थानाध्यक्ष ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी चंदन दुबे अपने दो तीन साथियों के साथ आर्केस्ट्रा में हर्ष फायरिंग कर रहा था।

थानाध्यक्ष श्री सिंह स्वलिखित आवेदन पर मामले में मेला आयोजक चंदन दुबे को आरोपित करते हुए बिना अनुमति के मेला लगवाने तथा अपने दो तीन साथियों के साथ आर्केस्ट्रा में हर्ष फायरिंग करने के आरोप में एफआईआर दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि चंदन दुबे की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।