नालंदा : शराब माफियाओं ने की पूर्व एसपीओ की हत्या, कुएं में शव को फेंककर हुए फरार

ट्रेंडिंग बिहार

बिहारशरीफ/ अविनाश पांडेय: नालंदा में एक बड़ी घटना घटी है। हिलसा के पूर्व SPO (स्पेशल पुलिस ऑफिसर) की हत्या शराब माफियाओं ने कर दी है। पुलिस ने पूर्व एसपीओ के शव को एक कुएं से बरामद किया है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल लाई है। मृतक की पहचान हिलसा थाना क्षेत्र के कुर्था गांव निवासी महेश्वर सिंह के करीब 35 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार सिंह के रूप में की गई है।

डेड बॉडी को देखने से ऐसा प्रतीत होता है कि हत्या के पूर्व काफी पिटाई की गई। शरीर के विभिन्न स्थानों पर चोट के निशान पाए गए हैं। युवक की हत्या गला दबाकर किए जाने की बात मृतक के परिजन बता रहे हैं। सदर अस्पताल में मृतक का छोटा भाई अभिषेक कुमार ने पत्रकारों को बताया कि उनके बड़े भाई राहुल कुमार सिंह एसपीओ का कार्य करते थे। जिससे कई असामाजिक तत्व उनके भाई के दुश्मन हो गए थे। शुक्रवार की संध्या कुछ लोग (जिन्हें वह जानते हैं) उनके भाई को घर से बुलाकर ले गए। देर रात्रि तक जब भाई घर नहीं लौटे तो परिजनों द्वारा खोजबीन शुरू कर दी गई। इसकी जानकारी संबंधित थाने की पुलिस को भी दी गई।

शनिवार की सुबह थाना क्षेत्र के मिल्की पर गांव स्थित एक कुएं से उनके भाई का शव बरामद किया गया। मृतक के भाई का आरोप है कि शराब माफियाओं द्वारा ही उनके भाई की हत्या की गई है। मृतक के भाई अभिषेक बताते हैं कि एक व्यक्ति द्वारा उनके मोबाइल पर फोन कर यह बताया गया कि उनका भाई एक कुएं में गिर गया है।

मृतक के भाई का दावा है कि अगर पुलिस कुछ चिन्हित लोगों से कड़ाई से पूछताछ करे तो हत्या की यह कलाई बहुत जल्द ही खुल सकती है। हालांकि पुलिस इस संबंध में अभी कुछ भी बताने से बच रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं को प्राथमिकता के आधार पर रखकर जांच करने में जुटी है। कई लोगों से इस संबंध में पुलिस द्वारा जानकारी ली गई है।

यह भी पढ़े..