नालंदा : कांग्रेस पार्टी ने 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव एवं संगठन पर परिचर्चा का किया आयोजन

नालंदा

— नालंदा से उम्मीदवार के रूप में दिलीप कुमार को लोकसभा चुनाव की टिकट देने की आला कमान से मांग

बिहारशरीफ/ अविनाश पांडेय: 13 मार्च 2024 को जिला कांग्रेस कार्यालय राजेंद्र आश्रम बिहारशरीफ में जिला कांग्रेस कमेटी के सभी पदाधिकारी एवं प्रखंड अध्यक्षों की एक बैठक जिलाध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में बुलाई गई। बैठक में मुख्य रूप से 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव एवं संगठन पर परिचर्चा की गई।

पदाधिकारीयों एवं प्रखंड अध्यक्षों को संबोधित करते हुए राजगीर के पूर्व विधायक सह प्रदेश प्रतिनिधि रवि ज्योति कुमार ने आने वाले लोकसभा चुनाव एवं संगठन पर चर्चा करते हुए कहा कि पूर्व में जिस तरह से इस लोकसभा की बनावट पर कांग्रेस को टिकट मिलते रहा है, नालंदा लोकसभा कांग्रेस को ही मिलने की संभावना है।

साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं को आपसी एकजुटता बनाकर चुनाव में महागठबंधन के उम्मीदवार को तन मन धन से मदद करने की बात कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वैसे तो कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता अपने अपने क्षेत्र में जनता के कार्य के लिए लगे रहते हैंं, लेकिन इस बार के चुनाव में पूरे दिल एवं दिमाग से काम करना है ताकि हम अपने नेता राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बना सकें।

उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी के आलाकमान से मिलकर नालंदा लोकसभा को कांग्रेस की सीट लेने के लिए दबाव बनाएं साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को अगर इस चुनाव में यह सीट मिलता है तो हमारे पार्टी की ओर से एक मजबूत एवं सशक्त एवं जुझारू उम्मीदवार जो शुरू से लेकर आज तक कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने में लगे हुए हैं।

दिलीप कुमार को इस बार हम लोग लोकसभा में टिकट दिलवाने का काम करेंगे। जिले के सभी कांग्रेसी एवं महागठबंधन के कार्यकर्ता इस सीट को अपनी प्रतिष्ठा बनाकर उन्हें लोकसभा में भेजने का काम करेंगे। जिलाध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद सिंह ने अपने प्रखंड अध्यक्षों एवं पदाधिकारीयों को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार का चुनाव हम लोगों के लिए निर्णायक लड़ाई है।

इस चुनाव में कहीं से भी कोई कोताही नहीं होनी चाहिए। यह चुनाव ही देश की लोकतंत्र की रक्षा करेगा। उन्होंने कहा कि नालंदा लोकसभा पूर्व से ही कांग्रेस का सीट रहा है। पूर्व में यहां से सातों विधायक एवं सांसद कांग्रेस के होते रहे हैं। हम लोगों की आपसी फूट की वजह से यहाँ से दूसरे दल के लोग जीतकर चले जाते हैं।

उन्होंने कहा कि हमलोग आज भी अगर एकजुट होकर सच्चे मन से कार्य करना शुरू कर देंगें तो आज भी कांग्रेस सबसे आगे रहेगा और यह हमारा दावा है कि आज भी जितने कार्यकर्ता हमारी पार्टी में हैं उतने किसी दल में नहीं हैं। इस बार हम सब मिलकर अपने आला कमान से इस सीट के लिए कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में दिलीप कुमार जो हमारे पूर्व ज़िलाध्यक्ष रहे हैं एवं वर्तमान में अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के सदस्य हैं उनको सिंबल दिलवाने का काम करेंगे।

बैठक में सभी पदाधिकारी एवं प्रखंड अध्यक्षों ने भी अपनी पूरी ताकत कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार को जिताने में लगाने की बात कही साथ ही यह भी कहा गया कि अगर यह सीट हमारी पार्टी को नहीं मिलती है तो महागठबंधन के जिस भी दल के उम्मीदवार इस सीट से आएंगे उसे पूरा कांग्रेस नालंदा जिला का परिवार भरपूर मदद तन मन धन से करने का वचन देता है। बैठक में सर्वसम्मति से सभी पदाधिकारी एवं प्रखंड अध्यक्षों ने कांग्रेस पार्टी के नालंदा लोकसभा से उम्मीदवार के रूप में दिलीप कुमार को उम्मीदवार बनाए जाने की मांग आलाकमान से करते हुए एक प्रस्ताव भी पारित किया। जिसमें दिलीप कुमार को लोकसभा का प्रत्याशी बनाने की मांग की गई है।

अंत में जिला के वरीय उपाध्यक्ष अमोद कुमार पाठक के द्वारा सभी से आम सहमति बनाते हुए धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक की कार्रवाई समाप्त की गई। बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहम्मद जेड इस्लाम, बिंदेश्वरी प्रसाद मंडल, अमोद कुमार पाठक, महिला अध्यक्ष संजू पांडेय, प्रदेश महिला कार्यकारी अध्यक्ष फरहत जबीं, मोहम्मद उस्मान गनी, फवाद अंसारी, उदय शंकर कुशवाहा, अश्विनी गौरव, नरेंद्र कुमार शाही, ऐनुल हक, निर्पेंद्र कुमार सिंह, सत्येंद्र कुमार, मोहम्मद इरशाद, अखिलेश कुमार, सुचित्रा देवी, मानो देवी के अलावे सभी प्रखंड अध्यक्ष एवं जिले के बहुत सारे पदाधिकारी मौजूद थे।