नालंदा : शराब कांड में नौ माह से फरार चल रहे तीन तस्कर गिरफ्तार

Local news नालंदा बिहार बिहारशरीफ

बिहारशरीफ/अविनाश पांडेय। दीपनगर थाने की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पिछले नौ माह से शराब कांड में फरार चल रहे तीन तस्कर गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस इन्हें सरगर्मी से तलाश रही थी। इंस्पेक्टर सह दीपनगर थानाध्यक्ष मोहम्मद मुस्ताक अहमद ने बताया कि फरार अभियुक्तों की एक सूची तैयार की गई है।

थाना स्तर से इसपर विशेष कार्य किये जा रहे हैं। शनिवार को गुप्त सूचना मिली की शराब कांड में पिछले 9 माह से फरार चल रहे तीन शराब तस्करों को थाना क्षेत्र के पचौरी गांव में देखा गया है। सूचना के तत्काल बाद थानाध्यक्ष के नेतृत्व में गठित टीम ने तीनों शराब तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार होने वाले शराब तस्करों में दीपनगर थाना क्षेत्र के पचौरी गांव निवासी अनिल कुमार व सुनील कुमार, पिता लाऊंगी चौधरी एवं अनिल चौधरी का पुत्र सागर कुमार उर्फ साहिल शामिल है।

गिरफ्तारी के बाद हुई प्रारंभिक पूछताछ में तीनों ने शराब से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां पुलिस को दी हैं। थानाध्यक्ष मोहम्मद मुस्ताक ने बताया कि मिली महत्वपूर्ण जानकारी पर पुलिस अपना कार्य कर रही है। इसके परिणाम निकट भविष्य में सामने आएंगे। उन्होंने बताया कि फिलहाल 13 फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए 2 विशेष टीमें गठित की गई हैं।

इसके अलावा शराब की खोज को लेकर डॉग स्क्वायड की भी मदद ली जा रही है। थाना क्षेत्र के विभिन्न चिन्हित क्षेत्रों में डॉग स्क्वायड टीम के साथ दीपनगर थाना पुलिस निरंतर छापेमारी अभियान में जुटी है। अवैध बालू, गिट्टी मिट्टी सहित अन्य सामान की तस्करी पर रोक लगाने को लेकर विभिन्न क्षेत्रों में वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें…

थानाध्यक्ष की आम लोगों से अपील : दीपनगर थाना अध्यक्ष मोहम्मद मुस्ताक अहमद ने आम लोगों से अपील की है कि अगर शराब के संबंध में किसी तरह की कोई जानकारी उन्हें मिले तो वह सीधे दीपनगर थाने के सरकारी मोबाइल संख्या 94 318 22 191 पर सूचित कर सकते हैं। हर हाल में उनका नाम और पता गुप्त रखा जाएगा।