Nawada : धान अधिप्राप्ति कार्यशाला का डीएम ने किया शुभारंभ, दिया निर्देश

नवादा

Nawada, Rabindra Nath Bhaiya: उदिता सिंह जिला पदाधिकारी ने नगर भवन में धान अधिप्राप्ति से संबंधित कार्यशाला का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष धान अधिप्राप्ति 15 नवम्बर 2022 से 15 फरवरी 2023 तक की जायेगी। जिले में 137 पैक्स एवं 01 व्यापार मंडल के माध्यम से धान का क्रय सीधे किसानों से किया जायेगा। धान अधिप्राप्ति के लिए जिला में कुल 160000 एमटी लक्ष्य प्राप्त है। धान अधिप्राप्ति का सीएमआर जमा करने की तिथि 01.11.2022 से 31.07.2023 तक निर्धारित की गयी है।

धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य:-साधारण धान 2040 रूपये प्रति क्विंटल एवं ए ग्रेड धान 2060 रूपये प्रति क्विंटल निर्धारित की गयी है। किसानों से भारत सरकार द्वारा निर्धारित 17 प्रतिशत से कम नमी वाले धान का क्रय केन्द्रों पर किया जायेगा। किसानों से धान क्रय करने के उपरान्त पीएफएमएस के माध्यम से 48 घंटे के अन्दर संबंधित किसानों के बैंक खाते में राशि स्थानांतरित करने के लिए जिलाधिकारी ने कई निर्देश दिय।

धान से उसना चावल बनाने के लिए जिले में 08 से अधिक मिल संस्थापित है। जिलाधिकारी ने सभी उपस्थित पैक्स अध्यक्षों को निर्देश दिया कि ससमय निर्धारित दर और मात्रा के तहत सभी वांछित किसानों से धान का क्रय करना सुनिश्चित करें। धान बिक्रय में किसी भी किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी पैक्स गोदाम के केन्द्रों पर बड़े-बड़े फ्लैक्सी में धान की दर, मात्रा आवश्यक जानकारी आदि सार्वजनिक करना सुनिश्चित करें। किसानों से आसानी से धान क्रय करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।

श्रीमती सिंह ने जिला सहकारिता पदाधिकारी को निर्देश दिये कि धान क्रय करने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित करें, जहां से सभी केन्द्रों की ससमय माॅनेटरिंग करना सुनिश्चित करें। धान क्रय से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी किसानों को ससमय दें। जिलाधिकारी ने पैक्स अध्यक्षों से फिडबैक प्राप्त किया। किसानों की समस्या को समाधान करने के लिए शिकायत पेटी लगाने का निर्देश दिया।

बैठक में उज्ज्वल कुमार सिंह अपर समाहर्ता, रंजीत कुमार एमडी, चन्द्रिका प्रसाद पैक्स उपाध्यक्ष, शशिकांत शशि जिला सहकारिता पदाधिकारी, सत्येन्द्र प्रसाद जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी, गुंजन कुमार सहायक निदेशक कृषि के साथ-साथ सभी पैक्स अध्यक्ष आदि उपस्थित थे।