नवादा : शराबबंदी एवं बाल विवाह उन्मूलन को लेकर महादलित टोलों में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को किया जा रहा जागरूक

नवादा

Nawada, Rabindra Nath Bhaiya: उदिता सिंह जिला पदाधिकारी नवादा के आदेश के आलोक में जिले के सभी प्रखंडों के चयनित महादलित टोलों में कला जत्था टीम के द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। शराबबंदी एवं बाल विवाह उन्मूलन से संबंधित हास्य परिहास एवं गीत-संगीत के माध्यम से आज चार महादलित टोलों में नाटक प्रदर्शन कर लोगों को जागरूक किया गया। स्थानीय दर्शकों को बताया गया कि शराब और बाल विवाह समाज की कुरीतियां हैं। यह बच्चियों तथा महिलाओं को न सिर्फ समान अवसर प्रदान करने की दिशा में बाधक बन रही है, बल्कि उनके शारीरिक और मानसिक विकास को भी कुप्रभावित कर रही है। बाल विवाह से बच्चे बौनेपन एवं मंद बुद्धि के शिकार हो जाते हैं।

बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत कम उम्र में शादी करना कानूनन अपराध है। बाल विवाह, नशा एवं दहेज प्रथा की समस्या को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार द्वारा इनके विरूद्ध अभियान चलाया जा रहा है। समुदाय एवं सरकार के समेकित प्रयास से ही यह अभियान सफल होगा। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को बताया जा रहा है कि कम उम्र में बच्चियों को शादी करने से जीवन कैसे नीरस हो जाता है और कम उम्र में ही बच्चे होने से बच्चियों की मौत भी हो सकती है। लड़के की शादी 21 उम्र एवं लड़की की शादी कम से कम 18 वर्ष के बाद ही होनी चाहिए। लड़का और लड़की में भेद नहीं करें। दोनों समान है, दोनों को आगे बढ़ने का मौका दीजिए। आजकल की लड़कियां लड़के से कम नहीं है। हरेक क्षेत्र में लड़की आगे बढ़ रही है।

चाहे वह नौकरी हो या बिजनेस, सभी जगहों पर लड़कियां काम कर रही हैं। सरकार के द्वारा लड़कियों को कई विशेष योजनाएं संचालित कर उन्हें लाभांवित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के द्वारा लड़कियों को स्नातक करने पर 52 हजार से अधिक रूपये सरकार के द्वारा दी जा रही है। आये दिन शराब को लेकर कई परेशानियां बढ़ गयी है। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को बताया जा रहा है कि शराब से बीमारियां बढ़ती हैं, पूरा घर तबाह हो जाता है, घर का जेवर गहना आदि बिक जाता है और परिवार रोड पर आ जाता है। शराब छोड़ने पर वही परिवार हॅसता खेलता है, और सही समय पर घर के सभी कामों को निपटाता है।

उसकी जिन्दगी सॅवर जाती है, बच्चे भी पढ़ाई करते हैं। उसके घर परिवार में खुशहाली आ जाती है। नाटक के माध्यम से दर्शकों को बताया गया कि शराब आदमियों से न केवल उनका पैसा ले लेती है, बल्कि उनकी बुद्धि भी हर लेती है। शराब पीने वाला इंसान हैवान हो जाता है। शराब के सेवन के कारण युवाओं में मृत्यु दर बुढ़े लोगों के अपेक्षा काफी अधिक हो गयी है। शराब लगभग 200 बीमारियों को बढ़ाती है। शराब के सेवन से मनुष्य हिंसक प्रवृति का हो जाता है और महिलाओं के साथ हिंसा में शराब की अहम भूमिका है। शराब एवं मादक द्रव्य के संबंध में शिकायत टाॅल फ्री नम्बर-18003456268 या 15545 पर दे सकते हैं।

नवादा प्रखंड के आंती पंचायत में गंगटी, कादिरगंज में सादीपुर एवं अकबरपुर प्रखंड के बड़ैल पंचायत के सनोखरा मुसहरी एवं गोविन्द विगहा पंचायत के पतरंग में नुक्कड़ नाटक का प्रदर्षन किया गया। कल दिनांक 24.12.2022 को अकबरपुर प्रखंड के पैजुना पंचायत के रामदेव रजवारी टोला, माखर पंचायत के मुसहरी टोला माखर में और नवादा प्रखंड के समाय पंचायत के सकुलाचक एवं भदौनी पंचायत के बेलदरिया में नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन किया जायेगा। नुक्कड़ नाटक के कलाकार संतोष राजपूत, जयप्रकाष शर्मा, श्वेता कुमारी, माही मिश्रा, शुभम् कुमार सिंह, शिखा मिश्रा, उमेश कुमार, अवधेश कुमार, जगन्नाथ मिश्र, अवधेष कुमार, रविन्द्र कुमार और निरंजन कुमार द्वारा नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन किया गया।