Nawada : थानाध्यक्ष ने करायी हरे वृक्षों की कटाई?

नवादा

-प्रशासनिक अधिकारियों की चुप्पी के बाद राजद नेता ने खोला मोर्चा

Rabindra Nath Bhaiya: जिले के अकबरपुर थाना परिसर से पूरब कृषि विभाग की भूमि पर लगे दर्जनों शीशम वृक्षों की कटाई कर गायब किये जाने के प्रशासनिक चुप्पी के बावजूद मामला तूल पकड़ने लगा है। आरोप की सीधा थानाध्यक्ष पर लगा है। आरोप कोई और नहीं राजद व्यावसायिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष राजीव कुमार बावी ने लगाया है। इस बावत समाहर्ता व एसपी को आवेदन दे मामले की जांच की मांग की है। आरोप है कि थानाध्यक्ष ने न केवल हरे वृक्षों की कटाई कराई बल्कि थाना परिसर में अपने निजी उपयोग के लिए फर्नीचरों का निर्माण कराया। पोल खुलता देख लकड़ियों के साथ सामानों को परिसर से रातों रात हटा दिया।

उन्होंने इसके कुछ प्रमाण भी अधिकारियों को उपलब्ध कराया है। इसके साथ ही थाना परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर दोषी पाये जाने पर कार्रवाई की गुहार लगाई है। अब जब उक्त मामले में अधिकारियों को आवेदन दिया गया है तो देर सबेर जांच भी होनी तय है।

जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ पायेगा। बता दें प्रखंड मुख्यालय चरवाहा विद्यालय के पास थाना परिसर चहारदीवारी से सटे पूरब कृषि विभाग की भूमि पर लगे दर्जनों शीशम वृक्षों की कटाई का मामला सोशल मीडिया लगातार वायरल होने के बावजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने संज्ञान लेना तक उचित नहीं समझा था। ऐसे में राजद व्यावसायिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष के साहस भरी कदम की चर्चा जोरों पर है। अब सवाल यह है कि क्या सचमुच उक्त मामले में थानाध्यक्ष की संलिप्तता है? यह तो जांच के बाद ही पता चल सकेगा।