पटना : पूर्व विधायक नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा की 16वीं पुण्य तिथि पर मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि

Local news पटना बिहार

स्टेट डेस्क/पटना। पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन के टेलर रोड स्थित आवास पर उनके पिता पूर्व विधायक स्व. नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा की 16वीं पुण्य तिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शामिल होकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्व. नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम के पश्चात् पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ओमिक्रोन की जांच के लिए सैंपल यहां से दिल्ली भेजा जाता है और वहां से इसकी जांच कर रिपोर्ट आती है। अभी इस संबंध में एक मामला सामने आया है। जांच की व्यवस्था यहीं करने को लेकर आज अधिकारियों के साथ बातचीत करेंगे ताकि जल्द से जल्द जांच रिपोर्ट आ सके। कोरोना का तीसरा दौर शुरू हो गया है। हम लोगों को इसे लेकर सजग रहना है। सारी तैयारियां की गई हैं।

कोरोना के मामले काफी कम थे, 10 दिन पहले 50 से नीचे मामले थे। अब कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। खासकर पटना और गया में बाहर से आने वाले लोगों और उनके संपर्क में आने के कारण कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। हमलोग लगातार जांच की संख्या बढ़ा रहे हैं। समाज सुधार अभियान पर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के दिन हमारे पुराने साथी नवीन जी का निधन हो गया था। 2005 में काम संभालने के एक माह बाद उनकी तबीयत खराब हुई और वे चले गए। यह हम लोगों के लिए काफी दुखद रहा। आज के दिन हम लोग उन्हें श्रद्धांजलि देते हैं। इसी सिलसिले में आज भी यहां आए हैं।

उन्होंने कहा कि समाज सुधार अभियान का बहुत बड़ा इंपैक्ट है। इसमें कितने लोग शामिल हो रहे हैं। कौन क्या बोलता है, इस पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है। लोगों को नशा मुक्ति तथा बाल विवाह एवं दहेज प्रथा अन्मूलन को लेकर जागरुक कर रहे हैं। समाज में प्रेम और सौहार्द्र का वातावरण रहे। हमलोगों ने समाज के उत्थान के लिए काफी काम किया है। महिलाओं के उत्थान के लिए भी काम किया है। हम लोग जो अभियान चला रहे हैं उसमें बड़ी संख्या में महिलाओं के साथ-साथ पुरुष भी रहते हैं।

यह भी पढ़ें…

हम लोग अलग से बैठक कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी करते हैं। जो अभियान चल रहा है उसका लोगों के बीच क्या प्रभाव है, हमारा मीडिया के लोगों से आग्रह है कि इसका आकलन कीजिए। कोई कुछ बोलता है, हम उसका नोटिस नहीं लेते हैं। बच्चों की ऑनलाइन क्लास शुरु होने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हम इसका आकलन करेंगे। अभी ज्यादा खराब स्थिति नहीं है। जल्द ही इसका आकलन कर निर्णय करेंगे।