50 आईपीएस अफसरों का तबादला लांडे को सहरसा के नये डीआइजी

पटना

स्टेटडेस्क, पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली बिहार सरकार ने नए साल में प्रशासनिक व्यवस्था और चुस्त -दुरुस्त करने के लिए राज्य के 50 आईपीएस अफसरों का तबादला किया है। पटना रेंज के आइजी रहे संजय सिंह को प्रोन्नति के बाद अब पुलिस मुख्यालय में एडीजी विधि-व्यवस्था की कमान सौँपी गई है। पुलिस मुख्यालय में आइजी राकेश राठी को पटना सेंट्रल रेंज का नया आइजी बनाया गया है।

उनकी जगह बिहार विशेष कार्य बल के डीआइजी विनय कुमार प्रोन्नति पाते हुए आइजी मुख्यालय की कमान संभालेंगे। मुंगेर के डीआइजी पंकज सिन्हा को प्रोन्नति के बाद तिरहुत रेंज का आइजी जबकि सहरसा के डीआइजी ललन मोहन प्रसाद को प्रोन्नति के बाद मिथिला क्षेत्र का नया आइजी बनाया गया है। 
एडीजी विधि-व्यवस्था के पद पर रहे 1991 बैच के विनय कुमार को डीजी रैंक में के बाद बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम का महानिदेशक सह प्रबंध निदेशक बनाया गया है।

एडीजी तकनीकी सेवा एवं वितंतु अमरेंद्र कुमार अंबेडकर को भी डीजी रैंक में प्रोन्नति के बाद बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस का महानिदेशक बनाया गया है। मिथिला रेंज के आइजी अजिताभ कुमार को प्रोन्नति के बाद एडीजी प्रोविजनिंग की जवाबदेही मिली है। वहीं एटीएस के एडीजी एस रविंद्रण को बिहार राज्य खेल कूद प्राधिकरण के एडीजी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

पटना के एसएसपी उपेंद्र कुमार शर्मा को प्रोन्नति के बाद शाहाबाद क्षेत्र, डिहरी आन सोन का नया डीआइजी जबकि केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से हाल ही में लौटे शिवदीप वामनराव लांडे को कोसी क्षेत्र, सहरसा का नया डीआइजी बनाया गया है। 

तिरहुत रेंज के आइजी गणेश कुमार को तकनीकी सेवा एवं वितंतु का आइजी, राजगीर स्थित बिहार पुलिस अकादमी के उप निदेशक प्राणतोष कुमार दास को राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो का आइजी, बेगूसराय के डीआइजी राजेश कुमार को मानवाधिकार डीआइजी, सहायक पुलिस महानिरीक्षक सुनील कुमार को डीआइजी सुरक्षा विशेष शाखा और शाहाबाद क्षेत्र के डीआइजी पी कनन्न को विशेष निगरानी इकाई का नया डीआइजी बनाया गया है।

वहीं गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवा के डीआइजी जितेंद्र मिश्रा को प्रोन्नति के बाद इसी सेवा में आइजी बना दिया गया है। भागलपुर की एसएसपी निताशा गुड़िया को बिहार पुलिस अकादमी का नया उप निदेशक बनाया गया है। वहीं गृह रक्षा वाहिनी की डीआइजी एस प्रेमलथा को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो और बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-9 जमालपुर के समादेष्टा सत्यवीर सिंह को बेगूसराय का नया डीआइजी बनाया गया है।

पटना के रेल एसपी विकास बर्मन को डीआइजी प्रशासन, सुपौल के एसपी मनोज कुमार को डीआइजी बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (केंद्रीय मंडल), बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-14 की समादेष्टा किम को डीआइजी विशेष कार्य बल, बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग के एसपी संजय कुमार को प्रोन्नति के बाद डीआइजी मुंगेर, कटिहार एसपी विकास कुमार को प्रोन्नति के बाद गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवा का डीआइजी,

कटिहार रेल एसपी दिलीप कुमार मिश्रा को एटीएस का डीआइजी और बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-13, दरभंगा में समादेष्टा अश्विनी कुमार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में डीआइजी बनाया गया है। वहीं निगरानी एसपी अमजद अली को नागरिक सुरक्षा बिहार में उप निदेशक औश्र बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के सहायक पुलिस महानिरीक्षक अरविंद ठाकुर को गृह रक्षा वाहिनी, बिहार का उप महासमादेष्टा बनाया गया है।