पटना/पूर्णिया : हो गया सीटों का बंटवारा..बीजेपी 18, जदयू 16,चिराग 4 मांझी और उपेंद्र को 1-1… पारस हो गए पैदल…पढ़ें पूरी खबर

पटना

पटना/पूर्णिया:- 13 मार्च(राजेश कुमार झा)BJP ने किया बिहार में सीटों का बंटवारा, चिराग़ को 4, मांझी- कुशवाहा को 1-1 सीट पैदल कर दिए गए पारस, हाजीपुर से चिराग़ होंगे मोदी के उम्मीदवार!

पासवान कुनबे की लड़ाई में फंसे बिहार NDA की लोकसभा सीटों का बंटवारा बुधवार शाम को करीब-करीब फाइनल हो गया है। दिल्ली में BJP अध्यक्ष जे पी नड्डा और चिराग़ पासवान के बीच बुधवार शाम हुई बैठक में सीट शेयरिंग का फैसला हो गया।

समझौते के मुताबिक चिराग़ पासवान को चार सीटें दी गई हैं, जिसमें सबसे महत्वपूर्ण हाजीपुर सीट भी शामिल है, इस सीट से अब चिराग़ पासवान PM मोदी के उम्मीदवार होंगे। इसके अलावा चिराग़ की पार्टी लोजपा (रामविलास) को खगड़िया, नवादा और जमुई सीट मिल सकती है।

सबसे बुरी स्थिति चिराग़ के चाचा पशुपति पारस की पार्टी की बताई जा रही है। पारस को BJP ने करीब-करीब पैदल कर दिया है। उन्हें लोकसभा की एक भी सीट नहीं दी गई है। सिर्फ उनके गुट के प्रिंस राज को बिहार सरकार में मंत्री बनने का ऑफर दिया गया है।

अब देखना यह होगा कि पशुपति पारस का अगला राजनीतिक कदम क्या होता है? पारस ने हर हालत में हाजीपुर सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। एक भी लोकसभा सीट नहीं मिलने की हालत में पारस NDA में रहते हैं या NDA छोड़ने का फैसला लेते हैं यह इंतजार अब उनके समर्थकों को है।

उपेन्द्र कुशवाहा की हैसियत भी BJP ने घटा दी है और उन्हें सिर्फ एक सीट से संतोष करना होगा। कुशवाहा के लिए संभवतः काराकाट लोकसभा सीट BJP छोड़ेगी। वहीं जीतनराम मांझी की पार्टी हम (सेक्युलर) को भी सिर्फ एक लोकसभा सीट गया से संतोष करना पड़ेगा। JD (U) को लोकसभा की 16 सीटें मिलने की संभावना है। वहीं BJP खुद 18 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।