अपराधियों का बढ़ता जा रहा है मनोबल, मुखिया के देवर को गोलियों से भूना, एक जख्मी

पटना

पटना, बीपी प्रतिनिधि। राजधानी से सटे बाढ़ इलाके में अपराधियों का मनोबल बढ़ता ही जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार की देर शाम अपराधियों ने एक महिला मुखिया के देवर कमलेश कुमार पर गोलियों की बौछार कर दी। जिससे उसकी मौत मौके पर ही हो गई।

जबकि इस घटना में गोली लगने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गए। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार बाढ़ अनुमंडल के सुदूर टाल इलाके में पड़ने वाले थाना साम्यगढ़ के पॉवर ग्रिड के समीप बाइक से जा रहे कमलेश कुमार और उसके साथ राजू महतो पर पहले से घात लगाए अपराधियों ने गोलियों की बौछार कर दी।

जहां गोली लगने से कमलेश कुमार की मौके पर मौत हो गई। जबकि साथ में रहे राजू बुरी तरह घायल हो गया जिसको पटना रेफर किया गया। मृतक कमलेश पंडारक प्रखंड के अजगरा बकामा पंचायत की मुखिया रीना देवी का देवर था। मृतक का भाई कुंदन पैक्स अध्यक्ष है। बताया जाता है कि मृतक साम्यगढ़ में मार्केट निर्माण के काम से गया हुआ था।