झारखंड : राज्यपाल रमेश बैस पहुंचे रांची, बढ़ी सियासी हलचलें

झारखंड ट्रेंडिंग

झारखंड/ बीपी प्रतिनिधि। निर्वाचन आयोग द्वारा राज्यपाल को हेमंत सोरेन की सदस्यता रद्द करने की सिफारिश भेजने के बाद झारखंड में सियासी हलचल बढ़ गई है। झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस भी दिल्ली से रांची पहुंच गए हैं। सदस्यता रद्द करने की खबरों के बीच सीएमओ का बयान सामने आया है।

चुनाव आयोग की सिफारिश पर राज्यपाल रमेश बैस ने कहा है कि उनके पास फिलहाल हेमंत सोरेन की सदस्यता को लेकर कोई जानकारी नहीं आई है। उन्होंने कहा है कि इस संबंध में उनके पास कोई आदेश नहीं आया है, राजभवन पहुंचने के बाद ही स्पष्ट तौर पर कुछ जानकारी दे सकेंगे।

झारखंड मुक्ति मोर्चा के सभी विधायकों को रांची पहुंचने का फरमान जारी कर दिया गया है। राज्यपाल के फैसले से पहले झारखंड के कई मंत्री और विधायकों के साथ एडवोकेट जनरल राजीव रंजन मुख्यमंत्री आवास पर पहुंच गए हैं। उम्मीद है कि हेमंत सोरेन की कुर्सी जाते ही झारखंड में राजनीतिक संकट उत्पन्न हो सकता है।