झारखंड : राज्य सरकार ने आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल को किया निलंबित, अदालत ने पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा

Local news झारखंड

रांची/स्टेट डेस्क। मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों में फंसी झारखंड की महिला आईएएस पूजा सिंघल को आज गुरुवार को राज्य की हेमंत सोरेन सरकार ने निलंबित कर दिया। झारखंड की उद्योग व खान सचिव पूजा सिंघल को ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) ने मनी लाउंड्रिंग के आरोप में गत बुधवार को गिरफ्तार किया था।

पूजा सिंघल को आज विशेष अदालत के समक्ष पेश किया गया। विशेष अदालत ने प्रवर्तन निदेशालय की मांग पर पूजा सिंघल को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। गौरतलब है कि पूजा सिंघल ईडी द्वारा गिरफ्तार की जाने वाली झारखंड की पहली आइएएस अधिकारी हैं।

विदित हो कि प्रवर्तन निदेशालय ने आईएएस पूजा सिंघल को उनके बैंक एकाउंट में जमा अघोषित राशि, आय से अधिक संपत्ति और मनरेगा घोटाले में सम्मिलित होने के चलते उनके खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कियाहै। बताया जा रहा है कि आईएएस पूजा सिंघल के एक बैंक खाते में एक करोड़ की राशि जमा है जिसके विषय में वह कोई भी पुख्ता जानकारी नहीं दे पाई हैं।

गिरफ्तारी के बाद उन्हें ईडी के विशेष जज पीके शर्मा के समक्ष पेश किया गया था। इसके बाद उन्हें होटवार जेल भेज दिया गया था। आज गुरुवार को उन्हें रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार (होटवार जेल) से ईडी ऑफिस लाया गया। इससे पहले उनके पति अभिषेक झा ईडी ऑफिस पहुंचे। इनसे ईडी के अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें…