बिकरू कांड : विकास दुबे की काली कमाई से अर्जित पांच संपत्तियां आज की जाएंगी सील

Local news उत्तर प्रदेश कानपुर

कानपुर/बीपी प्रतिनिधि। बहुचर्चित बिकरू कांड के मुख्य आरोपी विकास दुबे ने काली कमाई से 67 करोड़ रुपए की संपत्ति बनाई थी। प्रशासन विकास दुबे की संपत्तियों को जब्त करने जा रहा है। आज बुधवार को विकास दुबे की शास्त्री नगर, मिर्जापुर, कल्याणपुर कलां और काकादेव में पांच संपत्तियों को सीज करने की कार्यवाही शुरू की जाएगी। यह जानकारी बिल्हौर तहसीलदार लक्ष्मी नारायण बाजपेई ने दी।

उन्होंने बताया कि उनको विकास दुबे की संपत्तियों का रिसीवर बनाया गया है। पांच संपत्तियों को चिन्हित कर उनकी नाप-जोख कराई जा चुकी है। आज पीएसी और करीब आधा दर्जन थानों की फोर्स के साथ संपत्तियों को सीज करने की कार्यवाही पूरी की जाएगी।

विदित हो कि डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट नेहा शर्मा की कोर्ट ने एनकाउंटर में मारे गए विकास दुबे की सभी 67 करोड़ रुपए की संपत्ति को जब्त करने के आदेश दिए हैं। इसके बाद बिल्हौर तहसील की 10 संपत्तियों और वाहनों को पहले ही सील किया जा चुका है। आज सील की जाने वाली संपत्तियां ज्यादातर खाली हैं। वहीं शास्त्री नगर स्थित मकान में लोग रहते हैं। सभी को हटाकर संपत्ति को सील किया जाएगा।

यह भी पढ़ें…