ग्रामीणों की जनभागीदारी से जल संचयन एवं संवर्धन के कार्य बेहतर ढंग से करें: संजय कुमार जैन

मोतिहारी

मोतिहारी/राजन द्विवेदी। भारत सरकार के संयुक्त सचिव, भारत सरकार सह मोतिहारी के केंद्रीय नोडल पदाधिकारी (कैच द रेन) संजय कुमार जैन की अध्यक्षता में डॉ राधाकृष्णन सभागार में जिले भर में जल शक्ति अभियान 2022 को सफल बनाने से संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान पीपीटी के माध्यम से जल जीवन हरियाली अभियान, जल शक्ति अभियान एवं गार्जियंस आफ चंपारण के बारे में जिलाधिकारी शीर्षत कपिल अशोक ने विस्तृत जानकारी दी।

वहीं जिले भर में कैच द रेन अभियान अंतर्गत मनरेगा के द्वारा किए गए बेहतर कार्यों की उन्होंने सराहना की। संयुक्त सचिव श्री जैन ने कहा कि जल शक्ति अभियान अंतर्गत स्थानीय ग्रामीणों की जनभागीदारी से जल संचयन एवं संवर्धन के कार्य बेहतर ढंग से किए जा रहे हैं। जिले भर में लक्ष्य से अधिक 92 चिन्हित अमृत सरोवरों का कार्य ससमय पूर्ण करें और व्यापक पैमाने पर वृक्षारोपण करें।

जल शक्ति मंत्रालय के सहायक निदेशक ने कहा कि जल शक्ति अभियान 2022 को सफल बनाने के लिए पंचायतों के सभी ग्रामों में लगातार वाटर बॉडीज के कार्यों को हर हाल में पूर्ण किया जाए। तालाब ,पोखर , पैईन आदि की साफ सफाई सुनिश्चित करें। ग्रामीण क्षेत्रों में जीविका दीदी ,स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से व्यापक प्रचार प्रसार कर आमजन को प्रेरित करें।

मौके पर उप विकास आयुक्त कमलेश कुमार सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी सौरभ सुमन यादव, वन प्रमंडल पदाधिकारी, निदेशक डीआरडीए, डीपीओ मनरेगा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सिविल सर्जन डॉ अंजनी कुमार सहित सभी मनरेगा के कार्यक्रम पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।