UP के चुनावी मैदान में CM नीतीश भी दिखाएंगे दम, भाजपा से गठबंधन करेगी JDU

ट्रेंडिंग

स्टेट डेस्क: बिहार में चुनाव जीतने के बाद अब जेडीयू यूपी में भी उतरने की तैयारी कर रही है। यहां जेडीयू बीजेपी के साथ मिलकर मैदान में उतरेगी। जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने रविवार को बताया कि जदयू मणिपुर और गोवा में अपने दम पर और यूपी में भाजपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी।

ललन सिंह के अनुसार भाजपा ने जदयू के साथ मिलकर लड़ने की सहमति दे दी है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह की इसे लेकर भाजपा के साथ बातचीत हुई है। जदयू को कितनी सीटें मिलेंगी, कहां-कहां से लड़ेंगे, इन सभी मसलों पर बातचीत के लिए पार्टी ने आरसीपी सिंह को अधिकृत किया है।

दोनों दलों के बीच सहमति के बाद भाजपा को यह भी बता दिया गया है कि जदयू कहां-कहां से चुनाव लड़ना चाहती है। सीटों की संख्या पर कुछ भी बोलने से इनकार करते हुए ललन सिंह ने कहा कि हमें सम्मानजनक सीटें चाहिए।

ललन सिंह ने कहा कि आरसीपी सिंह ने सीटों की सूची बीजेपी को सौंप दी है। पार्टी की ओर ले उत्तर प्रदेश बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष को सूची सौंपी गई है। सीटों पर समझौते की बातचीत भी केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह कर रहे हैं।

बिहार में एनडीए गठबंधन का हिस्सा दोनों पार्टियों के बीच यूपी चुनाव में भी गठबंधन करने को लेकर लंबे समय से बातचीत चल रही थी। आरसीपी को गठबंधन के संबंध में बातचीत करने की जिम्मेदारी दी गई थी। हालांकि, इस बीच पार्टी अध्यक्ष ललन सिंह ने ये स्पष्ट कर दिया था कि पार्टी यूपी विधानसभा चुनाव लड़ेगी ही।