जेल मैन्युअल की फिर उड़ीं धज्जियां, बिना इजाजत दो बार एंबुलेंस में लालू के साथ डेंटल कॉलेज गए पूर्व विधायक भोला यादव

ट्रेंडिंग

स्टेट डेस्क: चारा घोटाले में सजायाफ्ता राजद प्रमुख लालू प्रसाद के RIMS में भर्ती होते ही जेल मैन्युअल की धज्जियां उड़ने लगी हैं। पेइंग वार्ड में भर्ती लालू को गुरुवार को दांत के इलाज के लिए एंबुलेंस से डेंटल कॉलेज ले जाया गया।

उनके साथ पूर्व विधायक भोला यादव भी एंबुलेंस में थे। भोला यादव ने जेल प्रशासन से मिलने की अनुमति नहीं ली थी। इससे पहले मंगलवार को भी भोला एंबुलेंस में डेंटल कॉलेज तक साथ गए थे। इस संबंध में जब जेल अधीक्षक हामिद अख्तर से पूछा तो उन्होंने बताया कि दो दिन में किसी को भी लालू से मिलने की अनुमति नहीं दी गई है।

उधर, बरियातू थानेदार ज्ञान रंजन ने कहा-किसी ने लालू से मुलाकात नहीं की है, जब उन्हें भोला यादव के मिलने की जानकारी दी तो फोन काट दिया। इसके बाद दोबारा फोन ही नहीं उठाया।

लालू का गुरुवार को रूट केनाल ट्रीटमेंट (RTC) हुआ। डॉ. अजय शाही ने बताया कि लालू प्रसाद दो दिन से दांत दर्द से परेशान थे। लालू ने अपने टूटे हुए तीन दांत बनवाने की इच्छा भी जताई। इसके बाद गुरुवार को उनके दांत का माप लिया गया। RIMS में ही उनके दांत बनेंगे।