बरेली : कांग्रेस की मैराथन में मची भगदड़, कई लड़कियां हुईं घायल

Politics उत्तर प्रदेश ट्रेंडिंग

बरेली/बीपी प्रतिनिधि। प्रिंयका गांधी के अभियान ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ के तहत उत्तर प्रदेश के बरेली में मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। मैराथन दौड़ के दौरान भगदड़ मचने से कई छात्राएं गिरकर चोटिल हो गयीं। इनमें से तीन छात्राओं को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार किये जाने के कुछ देर बाद वे मैराथन कार्यक्रम में शामिल भी हो गईं।

मैराथन दौड़ में शहर से लेकर देहात तक की 10 हजार लड़कियां शामिल हुईं। मैराथन दौड़ बिशप मंडल से शुरू होकर पटेल चौक गांधी उद्यान होते हुए बिशप मंडल ग्राउंड पर खत्म हुई। कांग्रेस की मैराथन दौड़ में भोजीपुरा की रहने वाली विनीता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कांग्रेस की टीम ने विनीता को उपहार के रूप में स्कूटी देकर सम्मानित किया।

मैराथन दौड़ के संबंध में कांग्रेस नेताओं का कहना है कि आधी आबादी को साथ लेकर मैराथन दौड़ कराई जा रही है। आज हमारे युवा बच्चे इसमें शामिल हो रहे हैं, जिससे यह साफ जाहिर हो रहा है कि यूपी की बीजेपी सरकार बोरिया- बिस्तर बांधकर रवानगी की तरफ बढ़ रही है। महिलाओं की शक्ति के साथ आने वाले समय में कांग्रेस यूपी में सरकार बनाएगी।

हालांकि मैराथन दौड़ को लेकर कांग्रेस नेत्री पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन का बेतुका बयान भी आया है। उन्होंने कहा कि जब वैष्णो देवी मंदिर में भगदड़ मच सकती है तो ये तो बच्चियां हैं। ये साजिश भी हो सकती है। कांग्रेस के बढ़ते जनाधार की वजह से इस तरह की साजिश हो सकती है।

यह भी पढ़ें…