राष्‍ट्रपति चुनाव के लिए CM योगी ने सबसे पहले डाला वोट

उत्तर प्रदेश लखनऊ

लखनऊ, बीपी डेस्क। राष्‍ट्रपति चुनाव के लिए मतदान जारी है। लखनऊ में सबसे पहले योगी आदित्‍यनाथ ने अपना वोट डाला। दूसरे नंबर पर संसदीय कार्यमत्री और भाजपा के वरिष्‍ठ नेता सुरेश खन्‍ना ने वोट डाला। इसके बाद लगातार सत्‍ता पक्ष भाजपा, सबसे बड़े विपक्षी दल सपा, अन्‍य दलों के और निर्दलीय विधायक अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।

राष्‍ट्रपति चुनाव के लिए एनडीए कैंडिडेट द्रौपदी मूर्मू के समर्थन में सुभासपा, बसपा, जनसत्‍ता दल के सांसदों-विधायकों के आने और सपा विधायक शिवपाल सिंह यादव के भी ऐलान को देखते हुए उम्‍मीद जताई जा रही है कि उन्‍हें यूपी से 1 लाख 28 हजार 564 वोट मिल सकते हैं। इसमें सुभासपा, बसपा, जनसत्ता दल सांसदों-विधायकों तथा सपा विधायक शिवपाल सिंह यादव के 9080 वोट भी शामिल हैं।

यूपी की ताकत सबसे बड़ी
राष्ट्रपति चुनाव के लिए देशभर के वोटर जनप्रतिनिधियों के कुल वोट 10 लाख 86 हजार 431 हैं। जिसका 14.86 फीसदी हिस्सा अकेले उत्तर प्रदेश के पास है। देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश हमेशा से राष्ट्रपति चुनाव में अपनी अहम भूमिका निभाता रहा है। सबसे अधिक वोटर जनप्रतिनिधियों वाले इस राज्य के बहुसंख्य वोटरों का रूझान जिसके पक्ष में होता है वह राष्ट्रपति चुना जाता रहा है।

यूपी के दमखम पर बीजेपी अपने राष्ट्रपति प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू के जीत के प्रति आश्वस्त दिख रही है। एक सप्ताह पहले तक की गणित में जो थोड़े बहुत वोट की कमी भाजपा महसूस कर रही थी उसकी बड़ी भरपाई सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर और सपा विधायक शिवपाल सिंह को मुर्मू के समर्थन में जो़ड़कर भाजपा ने पूरा कर लिया है।