कानपुर : फिरोजाबाद में चुनाव कराकर उन्नाव जा रही पुलिसकर्मियों की बस दुर्घटनाग्रस्त, 19 घायल

Local news उत्तर प्रदेश कानपुर

कानपुर/बीपी प्रतिनिधि। कानपुर के नौबस्ता बाईपास हाईवे पर तेज रफ्तार अनियंत्रित रोडवेज बस ट्रक में पीछे से घुसने के बाद पलट गई। हादसे में बस में सवार 19 पुलिसकर्मी घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही नौबस्ता थाने की पुलिस फोर्स और एडिश्नल पुलिस कमिश्नर समेत अन्य थानों की फोर्स पहुंची और सभी पुलिसकर्मियों को हैलट में भर्ती कराया।

डॉक्टरों ने बताया कि चार पुलिसकर्मियों के हाथ-पैर टूटे हैं। बाकी जख्मी पुलिसकर्मियों का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। कानपुर के एडिश्नल पुलिस कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि अमरोहा जिले के पुलिस कर्मी फिरोजाबाद में तीसरे चरण का मतदान कराने के बाद चौथे चरण के मतदान के लिए उन्नाव जा रहे थे।

नौबस्ता बाईपास पर तेज रफ्तार अनियंत्रित रोडवेज बस सोमवार भोर में करीब 5:30 बजे पीछे से ट्रक में घुस गई और इसके बाद पलट गई। बस में 35 पुलिस कर्मी सवार थे और 19 घायल हो गए। सूचना मिलते ही नौबस्ता समेत अन्य थाने की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और घायलों को हैलट अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद क्रेन की मदद से बस को हाईवे से हटाया गया है।

हैलट के डॉक्टरों ने बताया कि चार पुलिस कर्मियों के हाथ-पैर टूटे हैं। हेड कांस्टेबल जसवीर (मेस मैनेजर), पप्पू, विक्रम और सतीश सभी फॉलोअर हैं। यह सभी बस में आगे बैठे थे। इसके चलते गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि अन्य सभी पुलिस कर्मी मामूली रूप से चोटिल हैं। सभी का प्राथमिक इलाज किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें…