कानपुर देहात : मजार का रंग बदलकर माहौल को सांप्रदायिक करने की कोशिश नाकाम

उत्तर प्रदेश कानपुर ट्रेंडिंग

कानपुर देहात, बीपी प्रतिनिधि। चौबेपुर में मंगलवार को उस समय तनाव फैल गया, जब गांव में बनी मजार को अलग रंग से पोत दिया गया। दरअसल, थाना क्षेत्र के बंसठी गांव में स्थित एक मजार का कुछ हिस्सा अलग रंग से पुता हुआ नजर आया। इसकी सूचना कुछ ही देर में पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई।

बाद में प्रशासन ने आनन फानन में मजार को हरे रंग से पुतवाया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में पुलिस बल तथा पीएसी तैनात कर दी गई है। इसके बाद बड़ी संख्या में समुदाय विशेष के लोग मजार पर इकठ्ठा हो गए और हंगामा किया। घटना की खबर मिलते ही कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई।

पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और दोबारा हरे रंग में मजार को रंगवा दिया। चौबेपुर-बिल्हौर क्षेत्र के बंसठी गांव के एक खेत पर स्थित हरे रंग से पुते हुए एक मजार का कुछ हिस्सा मंगलवार को अलग रंग से रंगा हुआ मिला। सुबह जब खादिम मजार पर पहुंचे, तो उन्हें मामले की जानकारी हुई। मजार रज्जन पाल के खेत में बनी है। जहां पर हर साल 30 मई को उर्स का भी आयोजन किया जाता है।

एसओ कृष्ण मोहन राय ने बताया की इस कृत्य को अंजाम देने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। ऐसे लोगों की पहचान कराई जा रही है। आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।