रामोत्सव : तीन चक्रों की सुरक्षा में होगा उत्सव, 50 हजार प्रसाद के पैकेट अयोध्या से आयेंगे, गिनीज बुक में शामिल होगा आयोजन!

कानपुर

कानपुर, बीपी प्रतिनिधि : रामोत्सव में श्रीराम जन्मभूमि से 50 हजार प्रसाद के पैकेट श्रद्धालुओं में बांटने के भेजे गये हैं। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) द्वारा 17 अप्रैल को आयोजित होने जा रहे रामोत्सव के लिए गुरुवार को निराला नगर मैदान में पुष्पक विमान का मॉडल भी तैयार है। जिस पर छह हजार गांवों से आने वाले बच्चे व युवा भगवान श्रीराम का वेश धारण कर बैठेंगे। कुछ बच्चे हनुमान जी का भी रूप धरेंगे। जिसमें कानपुर प्रांत के कन्नौज, फर्रुखाबाद, इटावा, औरैया, उरई, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, महोबा सहित 21 जनपदों के 200 प्रखंडों से बच्चों के शामिल होने की उम्मीद है।

श्रद्धालुओं पर श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या की रज और सरयू के जल का छिड़काव किया जाएगा। विहिप के प्रांतीय संगठन मंत्री मधुराम इस पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने बताया कि प्रभु राम से इस कार्यक्रम को जोड़ने के लिए सरयू नदी का जल लाया जा रहा है। इस जल को दर्शकों पर पंखों के जरिए छिड़का जाएगा। वहीं, श्रीराम जन्मभूमि की रज का प्रभु श्रीराम की आरती के बाद पंखे के सामने रखकर सभी के ऊपर छिड़काव किया जाएगा। इतना ही नहीं गुरुवार को अयोध्या से विहिप के केंद्रीय उपाध्यक्ष व श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र न्यास के महामंत्री चंपत राय ने श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद व श्रीराम जन्मभूमि की रज वहां से रवाना कर दी है।

गिनीज बुक में दर्ज होगा श्री रामोत्सव
गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड के लिए लगातार वहां के अधिकारियों के साथ विहिप के पदाधिकारी वीडियो कांफ्रेंसिंग पर बात कर रहे हैं। गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड के अफसरों से एक जैसी वेशभूषा में ही सबके शामिल होने की बात कही गई है। वहीं, विहिप की तरफ से कहा गया है कि यह कार्यक्रम समाज के सभी वर्गों के लिए है। अगर किसी के पास धन कम है तो वह वनवासी राम के रूप में एक भगवा में आ सकता है। अगर किसी के पास अच्छे संसाधन हैं तो वह राजाराम की वेशभूषा में आ सकता है।

दो मंत्री भी पहुंचे जायजा लेने, वेदांती भी आएंगे
रामोत्सव में पूर्व सांसद व राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के सदस्य रामविलास वेदांती भी आएंगे। गुरुवार को पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र चौधरी और श्रम राज्यमंत्री मन्नू कोरी ने निराला नगर मैदान का निरीक्षण किया। आयोजन स्थल पर बन रहे दुनिया के सबसे बड़े पुष्पक विमान को देखकर उन्होंने सराहा और उन्होंने विहिप, कानपुर प्रांत के संगठन मंत्री मधुराम के ‘बच्चा-बच्चा राम की परिकल्पना’ को भी खूब सराहा। इस मौके पर कानपुर नगर, दक्षिण जिलाध्यक्ष वीना आर्या और अमित पांडेय भी उनके साथ रहे।

यह भी पढ़े…