यूपी : मंगलवार को आगरा रहा प्रदेश का सबसे गर्म जिला, लखनऊ ने तोड़ा पांच साल का रिकार्ड

News उत्तर प्रदेश लखनऊ

स्टेट डेस्क/लखनऊ। उत्तर प्रदेश में इस बार गर्मी कहर बरपाने वाली है। अभी मार्च का महीना खत्म भी नहीं हुआ है और गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मंगलवार को आगरा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। यहां का अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

वहीं राजधानी लखनऊ के तापमान ने गर्मी का पांच साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। मंगलवार को यहां अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 30 मार्च 2017 को दर्ज 41.1 डिग्री सेल्सियस के बाद सर्वाधिक है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, झांसी और मेरठ समेत अन्य जिलों में पारा 42 डिग्री के पार पहुंच जाएगा।

30 मार्च से लेकर तीन अप्रैल तक पूरे उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ने का अनुमान है। इस दौरान पांच से 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलेंगी। राज्य में तीन अप्रैल तक हीट वेव का असर बना रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अधिकतम तापमान में अभी और बढ़ोतरी होगी। अगले दस दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं दिखाई दे रही है।

यह भी पढ़ें…