यूपी चुनाव 2022 : सिराथू में पल्लवी पटेल के समर्थन में प्रचार करेंगी डिंपल यादव और जया बच्चन

Politics उत्तर प्रदेश लखनऊ

स्टेट डेस्क/बीपी टीम। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के चार चरण पूरा होने के बाद अब पांचवें चरण के लिए समाजवादी पार्टी ने अपने स्टार प्रचारक पूर्व सांसद डिंपल यादव और राज्य सभा सदस्य जया बच्चन को मैदान में उतारा है। डिंपल और जया पार्टी की खासकर महिला प्रत्याशियों के समर्थन में जन सभाएं करेंगी। इसकी शुरुआत शुक्रवार को कौशांबी जिले की सिराथू सीट से करने जा रही हैं।

यहां उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के खिलाफ सपा ने केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की बहन व अपना दल कमेरावादी की पल्लवी पटेल को मैदान में उतारा है। पल्लवी सपा के चुनाव चिह्न पर लड़ रही हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिम्पल यादव और जया बच्चन 25 फरवरी को प्राइवेट विमान से लखनऊ से प्रयागराज पहुंचेंगी। इसके बाद हेलीकाप्टर के जरिये कौशांबी में जनसभा करेंगी।

इसके बाद मंझनपुर में पार्टी के वरिष्ठ नेता इन्द्रजीत सरोज के समर्थन में कार्यक्रम करेंगी। इसके बाद दोनों स्टार प्रचारक चायल विधान सभा में पार्टी प्रत्याशी पूजा पाल के समर्थन में सभा करेंगी। पूजा पाल पूर्व विधायक राजू पाल की पत्नी हैं। उनकी हत्या वर्ष 2005 में कर दी गई थी। पूर्व सांसद डिंपल यादव और राज्य सभा सदस्य जया बच्चन 26 फरवरी को जौनपुर की मड़ियाहूं व मछलीशहर विधान सभा सीट में प्रचार करेंगी।

मड़ियाहूं से बसपा छोड़कर सपा में आईं सुषमा पटेल चुनाव लड़ रही हैं। वे 2017 का चुनाव मुंगरा बादशाहपुर से चुनाव जीतीं थीं। वहीं, मछलीशहर से डा. रागिनी चुनाव लड़ रही हैं। वाराणसी कैंट की रहने वाली डा. रागिनी एमडी हैं। इनके भी समर्थन में डिम्पल व जया प्रचार करेंगी। जौनपुर का चुनाव सातवें चरण में हो रहा है।

यह भी पढ़ें…