बगहा को संभावित बाढ़ एवं कटाव से बचाने को 10 करोड़ से कटाव निरोधक कार्य प्रारम्भ

बेतिया
  • डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर ने कटाव निरोधक कार्य का किया औचक निरीक्षण
  • कार्यपालक अभियंता को ससमय गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने का निर्देश

अवधेश कुमार शर्मा, बेतिया। बगहा शहर को संभावित बाढ़ एवं कटाव से बचाने के लिए लगभग 10 करोड़ की राशि से कटाव निरोधक कार्य युद्ध स्तर पर कराया जा रहा है। जिससे बगहा वासियों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। पारस नगर में कराए जा रहे कटाव निरोधक कार्य का जिला पदाधिकारी, कुंदन कुमार ने औचक निरीक्षण किया तथा कार्यपालक अभियंता को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अनील कुमार, अपर समाहर्त्ता, अनील राय सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यपालक अभियंता ने बताया कि 1405 मीटर में कटाव निरोधक कार्य कराया जा रहा है। कटाव निरोधक कार्य में विभागीय दिशा -निर्देशों का शत प्रतिशत अनुपालन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एनसी बेस बनाकर पीपी रोप गैबियन से कार्य कराया जा रहा है। अबतक लगभग 27 प्रतिशत कार्य पूर्ण करा लिया गया है।

जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि कटाव निरोधक कार्य गुणवत्तापूर्ण कराना सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नहीं होने पाए, इसका विशेष ध्यान रखा जाय। किसी भी सूरत में गड़बड़ी करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा, सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के क्रम में यह मामला प्रकाश में आया कि नगर परिषद द्वारा जलनिकासी की प्रॉपर व्यवस्था नहीं की गई है। इससे कटाव निरोधक कार्य प्रभावित हो सकता है।

डीएम ने निर्देश दिया कि शहर की जलनिकासी के लिए समुचित व्यवस्था की जाय। नदी तक शहर का पानी लाने के लिए कटाव निरोधक स्थल पर ह्यूम पाइप लगाया जाय। उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद,बगहा को निर्देश दिया कि कार्यपालक अभियंता से समन्वय स्थापित कर समुचित जल निकासी की व्यवस्था करें, जिसे कटाव निरोधक कार्य प्रभावित नहीं हो सके।