बेगूसराय : राज्यस्तर पर पाया पहला पुरस्कार, तो ग्रामीणों ने भी किया सम्मानित

Local news बिहार बेगूसराय

मटिहानी, बेगूसराय/विनोद कर्ण। बिहार स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार 2021 में राज्य में पहला स्थान पाने के बाद उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय बदलपुरा के प्रांगण में ग्रामीणों ने सम्मान समारोह आयोजित कर प्रधानाध्यापिका कंचन कुमारी एवं कार्यरत शिक्षकों को सम्मानित किया।

समारोह की अध्यक्षता समाजसेवी ललन प्रसाद सिंह ने की जबकि संचालन सहायक शिक्षक नवीन प्रसाद सिंह ने किया। अध्यक्षीय भाषण करते हुए ललन प्रसाद सिंह ने कहा कि यह पुरस्कार प्रधानाध्यापिका, शिक्षक, अनुशासित छात्र-छात्राओं के अथक परिश्रम के अलावा ग्रामीणों के सम्मिलित प्रयास का प्रतिफल है। इसी तरह का समन्वय आगे भी स्थापित रखने की जरूरत है।

इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि प्रधानाध्यापिका कंचन कुमारी एवं सहायक शिक्षकों के सकारात्मक प्रयास से बदलपुरा उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय को राज्यस्तर पर प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ है। इससे हम सभी गांववासी गौरव महसूस कर रहे हैं। प्रधानाध्यापिका कंचन कुमारी ने कहा कि सिर्फ शिक्षकों के प्रयास ही नहीं समाज का बेहतर सहयोग, बुद्धिजीवी, शिक्षाविद, शिक्षा समिति के सदस्यों के सहयोग से यह उपलब्धि हासिल हुई है। हालांकि विद्यालय के शिक्षकों ने अथक प्रयास किया है।

राज्यस्तर पर विद्यालय के प्रथम स्थान हासिल करने पर उन्होंने विद्यालय के छात्र छात्राओं को भी धन्यवाद दिया। कहा आपलोगों ने शिक्षकों के मार्गदर्शन पर चलते हुए विद्यालय को स्वच्छ रखने में सहयोग किया है। जिससे यह उपलब्धि इस विद्यालय को मिला है। शिक्षक नेता चंद्रकांत ने कहा कि समाज व शिक्षकों का परस्पर सहयोग हमें बदलपुरा से सीखना चाहिए।

बताते चलें कि राज्य सरकार द्वारा विद्यालय को 50 हजार रुपये, प्रधानाध्यापिका को 10 हजार एवं सभी शिक्षकों को पांच हजार रुपये पुरस्कार स्वरूप प्रदान किया गया। प्रधानाध्यापिका कंचन कुमारी ने पुरस्कार की राशि विद्यालय को दान देने की घोषणा की है।

यह भी पढ़ें…

मौके पर समाजसेवी रामराघवेंद्र देव उर्फ मुन्ना जी, अवकाश प्राप्त न्यायधीश राम शंकर प्रसाद सिंह, कमलनयन मिश्र, रमेश कुमार, देव कृष्ण मिश्र, शिक्षक राजीव कुमार, जमील अहमद, पंकज कुमार राय, श्याम किशोर झा, नवीन प्रसाद सिंह, विनय कुमार, सुनील कुमार, राम कल्याण महतो, आशा कुमारी, कुमारी रामामणि, आभा कुमारी, प्रभा कुमारी, सुनीता कुमारी, प्रीति कुमारी, रेखा भारती, पुतुल कुमारी, भावना कुमारी, रवीना बेगम, विक्रम सिंह गोलू सहित विद्यालय के सभी शिक्षक शिक्षिका एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।