बिहार : नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप, पति गिरफ्तार

Local news पश्चिमी चंपारण बगहा बिहार

बगहा/बीपी प्रतिनिधि। पश्चिम चम्पारण के बगहा से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। महिला के परिजनों का आरोप है कि ससुरालवालों ने गला दबाकर हत्या की है। इधर, डॉक्टरों द्वारा विवाहिता को मृत घोषित किए जाने के बाद ससुराल पक्ष के लोग शव अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए।

हालांकि पुलिस ने महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष के आठ सदस्यों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। जानकारी के मुताबिक भोला साह की पुत्री प्रियंका कुमारी की शादी तीन माह पूर्व बगहा के चौतरवा थाना अंतर्गत हरदी नदवा गांव निवासी स्वर्गीय नंदलाल साह के पुत्र अनील साह से हुई थी। परिजनों ने बताया कि गत पांच फरवरी को पूरे रीति-रिवाज के साथ दोनों ने सात फेरे लिए थे और उनसे दहेज के रूप में चारपहिया वाहन की डिमांड की जा रही थी।

प्रियंका के पिता भोला साह का कहना है गए बुधवार की रात उन्हें दामाद ने सूचना दी कि बेटी की तबियत खराब है और उसे इलाज के लिए हरनाटांड उप स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया है, जबकि प्रियंका उसी समय मृत अवस्था मे थी। जब हम लोग वहां पहुंचे तो मृत बेटी प्रियंका कुमारी के गले पर निशान पाया, जिससे प्रतीत हुआ कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है।

परिजनों ने दामाद समेत आठ लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। लिहाजा पुलिस ने दामाद को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ जारी है। दामाद अनिल साह हरदी नदवा पंचायत का उपमुखिया है। बताया जा रहा है कि बगहा एक अंतर्गत हरदी नदवा से इलाज के लिए रास्ते मे पड़ने वाले अनुमंडलीय अस्पताल में ले जाने के बजाय आरोपी ससुराल वाले मृतका के गांव के समीप हरना टांड लेकर गए वहां स्वस्थ्य केंद्र के डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें…

इसके बाद ससुराल पक्ष के लोग शव छोड़ फरार हो गए। रात्रि करीब एक बजे मायके पक्ष के लोग आए और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस ने शव को अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।