नालंदा : पत्नी की शिकायत पर शराबी पति को पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा जेल

नालंदा बिहार बिहारशरीफ

बिहारशरीफ/अविनाश पांडेय। पूनम अपने शराबी पति से खासा परेशान थी। पति आए दिन नशे की हालत में उसकी पिटाई किया करता था। परेशान पूनम ने हिम्मत जुटाई। शिकायत थाने में कर दी। फिर क्या था। थाने की पुलिस पूनम से घर पहुंची। नशे की हालत में उसके पति को गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि हुई।

पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पहल भले ही कई लोगों को शराब के जहर से मुक्त करने में सफल हुई हो, लेकिन अभी भी कई ऐसे लोग हैं जो शराब की खराब आदत को छोड़ना नहीं चाहते। हालांकि, ऐसे लोगों को पुलिस द्वारा लगातार पकड़ कर जेल भेजा जा रहा है।

10 वर्ष पूर्व हुई थी शादी : 10 वर्ष पूर्व पूनम की शादी हुई थी। तभी से वह अपने शराबी पति से परेशान थी। यह मामला नालंदा जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मघड़ा गांव से ताल्लुक रखता है। दीपनगर थानाध्यक्ष मोहम्मद मुस्ताक अहमद बताते हैं कि उन्हें गुरुवार को थाना क्षेत्र के मघड़ा गांव की पूनम नाम की एक महिला का उनके सरकारी मोबाइल पर फोन आया।

जिसमें महिला ने अपने शराबी पति की शिकायत की। महिला ने बताया कि पति आए दिन शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता है। उसका जीना दुर्लभ हो गया है। महिला की शिकायत पर पुलिस उक्त व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार व्यक्ति मघड़ा गांव निवासी अनिल सिंह का पुत्र लव कुमार है।

यह भी पढ़ें…