केन्द्रीय गृहमंत्री के जाने के बाद भाजपा में मचा घमासान, मंडल अध्यक्ष की सूची जारी होने से कार्यकर्ताओं में रोष

नवादा

नवादा(रवीन्द्र नाथ भैया ) एक तरफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के चाणक्य कहे जाने वाले केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह अबकी बार 4 सौ पार का नारा दे चुनावी रणनीति में जुटे हुए हैं.जिसका उदाहरण कुछ दिनों पूर्व नवादा के हिसुआ इंटर विद्यालय में आयोजित लोकसभा प्रवास कार्यक्रम के तहत गृहमंत्री ने नवादा की सीट भाजपा की झोली में डालने की अपील कार्यकर्ताओं से किया था. दूसरी ओर उनके जाने के बाद नवादा भाजपा के अंदर घमासान शुरू हो गया।

जिसका खुलासा बुधवार को नगर के निवर्तमान मंडल अध्यक्ष पप्पू साव, नगर महामंत्री कुंदन वर्मा, दिवाकर कुमार, युवा मोर्चा नगर अध्यक्ष सोनू वर्मा, युवा मोर्चा नगर महामंत्री राजेश कुमार, महेश कुमार फूही तथा पंकज कुमार सहित नवादा नगर मंडल के कई पदाधिकारियों ने एक बैठक कर भाजपा के जिलाध्यक्ष पर मंडल गठन में मनमानी का अरोप लगाया।

जिलाध्यक्ष के खिलाफ प्रदेश अध्यक्ष व संगठन महामंत्री से शिकायत का लिया निर्णय:-
भाजपा ज़िलाध्यक्ष अनिल मेहता द्वारा जारी किए गये नवादा नगर के नये मंडल अध्यक्ष की सूची से कई कार्यकर्ताओं में ख़ासी नाराज़गी देखी जा रही है। इसी के मद्देनज़र बुधवार को भाजपा नगर मंडल के सभी पदाधिकारी बैठक कर सामुहिक विरोध दर्ज कर प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी व भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री भिखूभाई दलसानिया को अवगत कराने का निर्णय लिया है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि नवमनोनित ज़िलाध्यक्ष ने पुराने कई कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर जदयू व उनके करीबी रहे लोगों को नवादा नगर के नये मंडल अध्यक्ष जैसे अहम पदों की ज़िम्मेदारी दे दी गई है।

वर्षों से पार्टी में रहकर संगठन की मज़बूती के लिए कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को उपेक्षित कर दरकिनार कर दिया गया है। बैठक में शामिल कार्यकर्ताओं ने कहा कि पार्टी में समर्पित कार्यकर्ता बनकर कई वर्षों तक सांगठनिक कार्य करने के उपरांत मंडल अध्यक्ष का दायित्व दिया जाता था, लेकिन आज के समय में आप किसी भी दल में रह कर आये हों, आपकी क्या मानसिकता है, किस विचारधारा को मानते हैं, इससे कोई मतलब जिलाध्यक्ष को नहीं है, उनके द्वारा सीधे मंडल अध्यक्ष जैसे अहम जिम्मेदारी को सौंप दिया गया है.

बैठक में उपस्थित लोगों ने कहा कि 2024 लोकसभा का चुनाव अभी सिर पर है, ऐसे में नवनियुक्त ज़िलाध्यक्ष के मनमाने रवैये से कार्यकर्ताओं में काफी रोष है. इस बावत जब जिलाध्यक्ष अनिल मेहता सेवा जानकारी ली गई तो उन्होंने कहा कि इसकी कोई जानकारी मेरे पास नहीं है, संज्ञान में आने पर देखा जायेगा.