पशुपति कुमार पारस बोले- जो लोग NDA को छोड़कर गए हैं, उनकी दुर्गती होगी

पटना

Patna, Desk : पटना में राष्ट्रीय लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और चिराग पासवान के लिए कहा कि डेढ़ महीने पहले बिहार में NDA की सरकार थी। लेकिन पाला बदलने के बाद NDA छोड़कर नीतीश कुमार राजद की शरण में चले गए।

नीतीश कुमार का नाम लिए बगैर केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने कहा कि ये प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं। ठीक उसी तरह जैसे चिराग पासवान बिहार का मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहा था। आज उसका क्या हाल है? यह सबके सामने है। केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि 2024 से पहले ही महागठबंधन की सरकार ध्वस्त हो जाएगी। 2025 में बिहार में NDA की सरकार बनेगी।

राष्ट्रीय लोजपा की मीटिंग प्रदेश कार्यालय में बुलाई गई इस मीटिंग में केंद्रीय मंत्री समेत पार्टी के सभी सांसद मौजूद थे। इस मीटिंग के बाद ही पत्रकारों से बातचीत में पशुपति कुमार पारस ने कहा कि राज्य में सरकार बनाने के लिए जनता ने NDA को वोट दिया था। लेकिन, कुछ लोग उसके गोद में चले गए जिनके शासन को कोसा जाता था। जिनके शासनकाल को जंगल राज कहा जाता था।

उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र में बड़ी ताकत के साथ हमारी सरकार है। नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं और इनके सामने कोई टिकने वाला नहीं है। इसके बाद भी कुछ लोग प्रधानमंत्री बनने का सपना देख रहा है। ठिक उसी तरह जैसे हमारे भतीजे चिराग पासवान बिहार का मुख्यमंत्री बनने का सपना देखा करते थे।

पारस ने कहा कि जो लोग NDA को छोड़कर गए हैं, उनकी भी 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद दुर्गती होगी। मैं समझता हूं कि 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले ही बिहार सरकार ध्वस्त हो जाएगी। मतलब, सरकार गिर जाएगी। क्योंकि, जिस दिन शपथ ग्रहण हुआ था, उसी दिन से इनका खराब समय शुरू हो गया। इनके कानून मंत्री कार्तिकेय सिंह को मंत्री बनते ही इस्तीफा देना पड़ा था। बिहार सरकार में सब ठिक ठाक नहीं चल रहा है।