राज्य शतरंज चैंपियन अभिनव मिश्रा को जिला योजना पदाधिकारी ने किया सम्मानित उपलब्धि : बिहार राज्य अंतर विद्यालय शतरंज प्रतियोगिता 2022 के आयु वर्ग 07 में गोल्ड मेडल

सासाराम

सासाराम/अरविंद कुमार सिंह : 23 से 24 अप्रैल 2022 को पटना में सम्पन्न हुए बिहार राज्य अंतर विद्यालय शतरंज प्रतियोगिता में डिहरी के नन्हे शतरंज खिलाड़ी अभिनव मिश्रा ने प्रथम स्थान पर रहते हुए गोल्ड मेडल प्राप्त कर पूरे रोहतास जिला का नाम रौशन किया। अभिनव की इस सफलता पर श्री भानु प्रकाश, जिला योजना पदाधिकारी, रोहतास ने प्रशस्ति पत्र देकर उन्हें सम्मानित किया।

अभिनव दिनांक 16 मई से 20 मई 2022 तक भुवनेश्वर, ओडिसा में होने वाले अखिल भारतीय अंतर विद्यालय शतरंज प्रतियोगिता में बिहार राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगें। इस उपलब्धि को हासिल करने वाले अभिनव रोहतास जिला के एकमात्र खिलाड़ी हैं।

भानु प्रकाश, जिला योजना पदाधिकारी, रोहतास ने बताया कि जिला पदाधिकारी महोदय की पहल पर विगत वर्ष से शुरू किए गए शतरंज प्रशिक्षण से जिले के सभी शतरंज खिलाड़ियों को उचित मार्गदर्शन मिल रहा है। राज्य स्तर पर अभिनव द्वारा गोल्ड मेडल जीतने और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने की उपलब्धि से अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरणा लेनी चाहिये।

वेद प्रकाश सिन्हा, जिला शतरंज प्रशिक्षक ने बताया कि रोहतास में कई प्रतिभावान शतरंज खिलाड़ी हैं, जिनके लिए जिला प्रशासन द्वारा स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स, फजलगंज में नियमित शतरंज प्रशिक्षण की निःशुल्क व्यवस्था की गई है, साथ ही सासाराम में अब नियमित रूप शतरंज की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं । अभिनव की सफलता पर जिला खेल पदाधिकारी संजय कुमार प्रशिक्षक विनय कृष्ण, अरविंद कुमार सिंह सहित कई रोहतास के शतरंज खिलाड़ियों ने हर्ष व्यक्त किया है।