पश्चिम चम्पारण : राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति के लिए करें उत्कृष्ट कार्य- तारकिशोर प्रसाद

Local news बिहार बेतिया

बेतिया/अवधेश कुमार शर्मा। बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद की अध्यक्षता में पश्चिम चम्पारण ज़िला समाहरणालय सभाकक्ष में आंतरिक संसाधन नगर विकास विभाग (बुडको सहित), पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक संपन्न हुई।

उपर्युक्त बैठक में पश्चिम चम्पारण लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ संजय जायसवाल, राज्यसभा सांसद सतीश चन्द्र दूबे, दूसरी उपमुख्यमंत्री बिहार रेणु देवी, विधायक राम सिंह, उमाकांत सिंह, विनय बिहारी, वीरेन्द्र प्रसाद गुप्ता, विधान पार्षद भीष्म सहनी, सौरभ कुमार, जिलास्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारी शामिल हुए। जिला पदाधिकारी पश्चिम चम्पारण कुंदन कुमार ने पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन से उपर्युक्त विभाग के कार्यों की विस्तृत जानकारी उपमुख्यमंत्री व अन्य जनप्रतिनिधियों को दी।

बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि पश्चिम चम्पारण जिला विकास के पथ पर अग्रसर है। उसे अधिक तीव्र गति से बढ़ाने के लिए सभी जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी को लगातार समन्वित प्रयास करना होगा। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर बिहार अंतर्गत मजबूती के साथ कार्य करना है। सरकार के विभिन्न विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं का उत्कृष्ट क्रियान्वयन कराएं, जिससे लाभुकों को विभिन्न योजनाओं से ससमय लाभान्वित किया जा सके। उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि जनप्रतिनिगिण के बातों को गंभीरतापूर्वक लें और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान कराना सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधिगण जिला के विकास की गति को अधिक तेज करने के लिए जिला प्रशासन के साथ मिलकर समन्वित प्रयास करें। आंतरिक संसाधन की समीक्षा के क्रम में उन्होंने निदेश दिया कि जिन विभाग की राजस्व वसूली लक्ष्य प्राप्त हो गई है, वे शत-प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति करना सुनिश्चित करें। जिन विभागों को अबतक लक्ष्य प्राप्त नहीं हुआ है, लक्ष्य प्राप्त करने को संग्रहण कार्य तेज करें। सभी विभाग राजस्व संग्रहण के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन करें। उन्होंने कहा कि राजस्व संग्रहण लक्ष्य प्राप्त करने की दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही एवं शिथिलता नहीं करें।

कार्यपालक अभियंता विद्युत को निदेश दिया गया कि आमजन की शिकायतों का त्वरित गति से निराकरण कराना सुनिश्चित करें। इसके लिए सभी अभियंता को तत्परतापूर्वक कार्य करने को निदेशित करें। सभी अभियंता अपने मोबाईल फोन को ऑन रखेंगे तथा प्राप्त कॉल पर समुचित व्यवहार करें। उपमुख्यमंत्री के समक्ष एक विद्युत अभियंता जिनका मोबाईल नंबर-7763814823 है, पर संपर्क साधा गया, विद्युत अभियंता ने तुरंत कॉल रिसिव कर लिया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे ही सभी कॉलों का जवाब दिया जाना सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने निदेश दिया कि विद्युत विपत्रों में त्रुटि की गुंजाईश नहीं रहें, इसके लिए ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करे। माप-तौल विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने निदेश दिया कि अपेक्षाकृत राजस्व संग्रहण कम है, इसे तेजी के साथ पूर्ण करें। उन्होंने निदेश दिया कि हाट-बाजार, गांव, कस्बा में कैम्प लगाकर राजस्व संग्रहण कराना सुनिश्चित करें। जिला सहकारिता पदाधिकारी एवं जिला मत्स्य पदाधिकारी को अधिक मेहनत करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति का निदेश दिया। नगर निगम एवं नगर निकायों की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम के पूर्व जल निकासी की सुदृढ़ व्यवस्था को अच्छा कार्य हुआ है।

जिला पदाधिकारी पश्चिम चम्पारण के मार्गदर्शन में नगर निगम, नगर निकायों में जल निकासी को समुचित व्यवस्था की जा रही है। मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति कर नालों से अतिक्रमण भी हटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम, जिला मुख्यालय में स्ट्रोम ड्रेनेज सिस्टम पर कार्य किया जा रहा है। अन्य नगर निकायों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने निदेश दिया कि सभी नगर निकाय जल निकासी की समुचित व्यवस्था करेंगे। आवश्यकतानुसार अस्थायी बड़ा-छोटा नाला का निर्माण कराएं। पुल-पुलियों की उत्कृष्ट सफाई सुनिश्चित कराना सुनिश्चित करें। आवश्यकता पड़ने पर पंपसेट से भी जल निकासी की व्यवस्था करें।

उन्होंने कहा कि आमजन को जल जमाव की समस्या से परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए ठोस उपाय करें। अगर कोई कठिनाई आ रही है, तो उसको सामने लाएं एवं उसका समाधान निकालें। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय में अवस्थित प्रथम वर्गीय चिकित्सालय को जिला पशु चिकित्सालय में प्रोन्नत (अपग्रेड) किया जायेगा। इसके लिए जिला पशुपालन पदाधिकारी अग्रेत्तर कार्रवाई करना सुनिश्चित करें, जिससे पशुओं का समुचित ईलाज किया जा सके। इसके साथ ही उपमुख्यमंत्री ने प्रत्येक बिन्दुओं पर क्रमवार चर्चा किया तथा पदधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।

उपमुख्यमंत्री ने समीक्षा के क्रम में बताया कि आंतरिक संसाधन अंतर्गत राजस्व संग्रहण को जिला राजस्व, जिला परिवहन, खनन विभाग, वाणिज्यकर (बेतिया एवं बगहा), निबंधन कार्यालय (बेतिया, शिकारपुर एवं बगहा), विद्युत, तिरहुत नहर (प्रमंडल 01 एवं 02), वन प्रमंडल (01 एवं 02) माप-तौल, जिला मत्स्य, राष्ट्रीय बचत, जिला सहकारिता, जिला कृषि, औषधि नियंत्रक, दोन नहर प्रमंडल, रामनगर विभाग शत-प्रतिशत राजस्व संग्रहण के लक्ष्य की प्राप्ति को कार्यरत हैं। जिला राजस्व ऑनलाइन लगान और सैरात अंतर्गत वर्ष 2021-22 में 269 लाख रुपये कर वसूली किया गया है। वर्ष 2022-23 में अबतक 43.75 लाख रूपये कर वसूली कर ली गयी है।

जिला परिवहन विभाग द्वारा वर्ष 2021-22 में 4720.00 लाख रूपये राजस्व संग्रहण किया गया है और वर्ष 2022-23 में अबतक 41.63 लाख राजस्व संग्रहण किया है। जिला खनन विभाग ने वर्ष 2021-22 में निर्धारित लक्ष्य का शत-प्रतिशत से अधिक प्राप्ति करते हुए 3695.89 लाख रुपये का राजस्व संग्रह किया है। वर्ष 2022-23 में अबतक 37.32 लाख रूपये का राजस्व संग्रह किया गया है। इसी प्रकार वाणिज्यकर, बेतिया ने 2021-22 में 12344.12 लाख रूपये, वर्ष 2022-23 में अबतक 1208.86 लाख रूपये तथा वाणिज्यकर, बगहा ने वर्ष 2021-22 में 3455.07 लाख रूपये एवं वर्ष 2022-23 में अबतक 365.56 लाख रूपये राजस्व संग्रह किया है। वर्ष 2021-22 में जिला अवर निबंधक, बेतिया ने 7532.21, अवर निबंधक, शिकारपुर ने 3263.51 एवं अवर निबंधक, बगहा ने 2256.83 लाख रूपये का राजस्व संग्रह किया है।

विद्युत विभाग ने वर्ष 2021-22 में 21614.59 लाख रूपये तथा वर्ष 2022-23 में 1769.00 लाख रूपये का राजस्व संग्रह किया है। मत्स्य विभाग की समीक्षा के क्रम में बताया गया कि जिला में 760 सरकारी जलकरों की संख्या है। 2600 निजी तालाब, 17 कार्यरत/क्रियाशील मत्स्यजीवी सहयोग समिति लिमिटेड तथा 13553 मत्स्यजीवी सहयोग समिति के सदस्यों की संख्या है। जिला का कुल मत्स्य खपत/मांग 25.20 हजार मिट्रिक टन है। जिला पदाधिकारी के सभी स्रोतो से कुल मत्स्य उत्पादन 19.38 हजार मिट्रिक है। मांग और उत्पादन के गैप को भरने की दिशा में तेजी के साथ कार्य किया जा रहा है। समीक्षा के क्रम में मत्स्य बीच हैंचरी, भ्रमण दर्शन-सह-प्रशिक्षण योजना, मुख्यमंत्री तालाब मात्स्यिकी विकास एवं जीर्णोंद्धार योजना, उन्नत मत्स्य बीज योजना, उन्नत इनपुट योजना, नया तालाब निर्माण योजना, मुख्यमंत्री समेकित चौर विकास योजना, प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना कार्य प्रगति की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई।

कायाकल्प और शहरी परिवर्तन के लिए अटल मिशन योजना, अमृत योजना अंतर्गत नगर निगम बेतिया में पार्क के लिए 01, जलापूर्ति के लिए 01 योजना स्वीकृत है, पार्क निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। जलापूर्ति की योजना बुडको बेतिया में किया जा रहा है। जिसमें 39 वार्डों में 37 वार्डों में कार्य पूर्ण हो चुका है तथा 39 वार्डों के अंतर्गत 18503 हाउस कनेक्शन का कार्य पूर्ण करा लिया गया है। इसके साथ ही अन्य योजनाओं की विस्तृत समीक्षा उपमुख्यमंत्री बिहार ने किया। समीक्षा के क्रम में वाल्मीकिनगर सांसद सुनील कुमार, उपमुख्यमंत्री रेणु देवी, विधायक विनय बिहारी, वीरेन्द्र प्रसाद गुप्ता, विधान पार्षद भीष्म सहनी ने कई महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद का ध्यान आकृष्ट कराया।

यह भी पढ़ें…

उपमुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को अविलंब उपर्युक्त बिन्दुओं पर अग्रेत्तर कार्रवाई करने का निदेश दिया। जिला पदाधिकारी पश्चिम चम्पारण कुंदन कुमार ने कहा कि विभिन्न विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों का भरपूर सहयोग मिलता है। सभी के समन्वित प्रयास से विकास का कार्य किया जा रहा है। मंगलवार की सार्थक समीक्षात्मक बैठक में जो निदेश प्राप्त हुए हैं, उनका क्रियान्वयन शीघ्रातीशीघ्र कराया जायेगा। उप विकास आयुक्त ने जिला में किये जा रहे विकासात्मक कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत किया। उप विकास आयुक्त अनिल कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन कर, समीक्षात्मक बैठक समाप्त किया।