कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडेय बनाए गए झारखंड प्रदेश कांग्रेस के नये प्रभारी

Politics उत्तर प्रदेश

स्टेट डेस्क/दिवाकर श्रीवास्तव। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडेय को झारखंड प्रदेश कांग्रेस का नया प्रभारी मनोनीत किया गया है। विदित हो कि पूर्व केंद्रीय मंत्री सह झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह बीजेपी में शामिल हो गए हैं। कांग्रेस आलाकमान ने राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडेय को झारखंड प्रदेश कांग्रेस का नया प्रभारी मनोनीत कर दिया।

पार्टी ने यह फैसला आरपीएन सिंह के इस्तीफे के बाद लिया है। बता दें कि अविनाश फिलहाल कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य हैं और पार्टी के पूर्व महासचिव रह चुके हैं। साथ ही वे राज्यसभा के पूर्व सांसद भी हैं। उधर, आरपीएन सिंह के इस्तीफे के बाद कुशीनगर के पडरौना सीट से कांग्रेस के घोषित प्रत्याशी मनीष जायसवाल ने भी इस्तीफा दे दिया है। मनीष जायसवाल ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को अपना इस्तीफा भेजा है।

इससे पहले जिलाध्यक्ष राजकुमार भी कांग्रेस छोड़ चुके हैं। दरअसल यूपी विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं के दल-बदल का सिलसिला भी लगातार जारी है। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को एक के बाद एक बड़े झटके लग रहे हैं। कांग्रेस के कई दिग्गज नेता एक-एक कर पार्टी छोड़कर जा रहे हैं। इस बार कांग्रेस के स्टार प्रचारको में शामिल पूर्व केन्द्रीय मंत्री और कांग्रेस के झारखंड प्रभारी आरपीएन सिंह ने बीजेपी का दामन थाम लिया है।

यह भी पढ़ें…