बिहार : घरेलू समारोह में हर्ष फायरिंग, पति-पत्नी को लगी गोली, हालत गंभीर

Local news बक्सर बिहार

बक्सर/बीपी प्रतिनिधि। बक्सर जिले से एक बड़ी खबर सामने आयी है। यहां घरेलू मांगलिक समारोह में ताबड़तोड़ हुई हर्ष फायरिंग में एक पति पत्नी बुरी तरह जख्मी हो गये। घटना के बाद अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त हो गया। दोनों जख्मी का इलाज बक्सर के एक निजी अस्पताल में किया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक बक्सर में मुंडन संस्कार में हुई फायरिंग के दौरान एक पति-पत्नी को गोली लग गई। गंभीर हालत में उन्हें नगर के विश्वामित्र अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। चिकित्सक डॉ. राजीव झा ने बताया कि घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है। ऐसे में अभी कुछ भी कहना मुश्किल है।

जानकारी के मुताबिक कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के दिया गांव निवासी त्रिपुरारी ठाकुर के भतीजे के मुंडन संस्कार समारोह को लेकर घर में खुशियों का माहौल था। रात्रि तकरीबन 10:30 बजे त्रिपुरारी अपनी पत्नी पूजा के साथ घर की छत पर बैठे घर में चल रहे कार्यक्रम को देख रहे थे। इसी बीच संभवतः हर्ष फायरिंग के दौरान बंदूक से निकली गोली उन्हें आकर लग गई।

गोली उनकी हथेली को बेधते हुए उनकी पत्नी के पेट में जा लगी, जिस कारण दोनों पति-पत्नी घायल होकर छत पर ही तड़पने लगे। जब परिजनों ने पति-पत्नी की चीख सुनी तो भागे-भागे छत पर पहुंचे और घायल अवस्था में उन्हें लेकर बक्सर नगर के सिंडिकेट के समीप स्थित विश्वामित्र अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दोनों का इलाज किया जा रहा है।

विश्वामित्र अस्पताल के निदेशक डॉ राजीव झा ने बताया कि पति के हथेली को बेधते हुए गोली पत्नी के पेट में जाकर फंसी हुई हैं। फिलहाल महिला की स्थिति स्थिर है सीटी स्कैन आदि कराने के बाद आगे कुछ भी कहा जा सकता है।

यह भी पढ़ें…