नहीं हो किसी के साथ अन्याय, अनुमंडल स्तर पर समस्याओं का कर दें समाधान : डीएम

बिहार

जनता दरबार में कई मामलों का किया आन द स्पाट निपटारा, अधिकारियों को दिए निर्देश

मोतिहारी/राजन द्विवेदी। जिला मुख्यालय के राधाकृष्णन भवन में जिलाधिकारी शीर्षत कपिल अशोक की अध्यक्षता में आज जनता दरबार लगा तो फरियादियों की आंखों में उम्मीद की चमक दिखाई देने लगी। वहीं जिलाधिकारी ने आन द स्पॉट लोगों के समस्याओं का समाधान करते हुए अधिकारियों को भी निर्देश दिए। वहीं आने वाले आवेदकों की समस्याओं की सुनवाई की गई।

बता दें कि कई आवेदनकर्ताओं की समस्याओं का ऑन द स्पॉट निपटारा किया गया। जनता दरबार में आपूर्ति, भूमि विवाद, पर्चा वितरण, परिवहन, राजस्व, मद्य निषेध, शिक्षा, नगर निगम, भू-अर्जन, अतिक्रमण आदि विषय से संबंधित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन हेतु डीएम ने संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक दिशा- निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि आवेदनकर्ताओं की समस्याओं को पूरी जवाबदेही के साथ सुनवाई करें। टालमटोल की नीति नहीं अपनाएं।

उन्होंने सभी अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि अपने-अपने अनुमंडल में जनता दरबार लगाकर स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याओं का निष्पादन सुनिश्चित करें। सभी लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि आमलोगों की समस्याओं का निष्पादन हेतु जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित करें। साथ ही पूरी जवाबदेही के साथ संबंधित आवेदक के समस्याओं का निष्पादन सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता शशि शेखर चौधरी, अपर समाहर्ता आपदा अनिल कुमार, उप विकास आयुक्त कमलेश कुमार सिंह, जिला परिवहन पदाधिकारी अनुराग कौशल सिंह, जिला विकास शाखा पदाधिकारी, जिला स्थापना शाखा पदाधिकारी, सभी लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा, डीपीओ आईसीडीएस, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपनीय शाखा, डीपीआरओ ज्ञानेश्वर कुमार आदि उपस्थित थे।

यह भी पढ़े…