बलरामपुर के पूर्व सांसद रिजवान जहीर बेटी-दामाद सहित गिरफ्तार, भेजे गए जेल

Local news उत्तर प्रदेश

स्टेट डेस्क/दिवाकर श्रीवास्तव। तुलसीपुर के पूर्व चेयरमैन फिरोज पप्पू की हत्या मामले में बलरामपुर के बाहुबली पूर्व सांसद रिजवान जहीर को बेटी जेबा रिजवान और दामाद रमीज के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। बलरामपुर के तुलसीपुर नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष और नगर पंचायत की अध्यक्ष कहकशां के पति फिरोज खान उर्फ पप्पू की गत मंगलवार-बुधवार की रात अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी थी।

इस हत्या के बाद बलरामपुर में हंगामा मच गया। हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार करने के पुलिस के आश्वासन के बाद नारेबाजी और प्रदर्शन खत्म हुआ। आखिर में पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए रिजवान जहीर को गिरफ्तार कर लिया। पूर्वांचल के बाहुबली नेताओं में बलरामपुर के पूर्व सांसद रिज़वान ज़हीर का नाम भी आता है। रिज़वान ज़हीर पर दो शूटरों की मदद से फ़िरोज़ पप्पू की हत्या का आरोप है।

ऐसी संभावना जताई जा रही है कि यूपी विधानसभा चुनावों को लेकर रिज़वान ज़हीर ने फ़िरोज़ पप्पू की हत्या कराई है। रिज़वान ज़हीर को गिरफ्तार करने बाद यूपी पुलिस ने मामले की जांच और अधिक तेज़ कर दी है। रिज़वान ज़हीर को यूपी पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में तुलसीपुर थाना क्षेत्र के बेलीकला गांव में आगजनी, बवाल के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

तुलसीपुर विकासखंड के नवानगर जिला पंचायत क्षेत्र से रिजवान जहीर की पत्नी हुमा रिजवान और कांग्रेस नेता दीपांकर सिंह की पत्नी अरुणिमा सिंह जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ रही थीं। इस मामले में पुलिस ने रिजवान जहीर और कांग्रेसी नेता दीपांकर सिंह समेत 11 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। रिजवान जहीर को अखिलेश यादव का करीबी माना जाता है। अखिलेश ही रिजवान जहीर को अक्टूबर 2021 में फिर से सपा में लाए थे।

यह भी पढ़ें…

कुछ दिन पहले एक सभा के दौरान रिजवान जहीर ने सीएम योगी पर विवादित टिप्पणी की थी। रिजवान जहीर ने कहा था कि 2022 विधानसभा चुनाव में सीएम योगी को धोती खोलकर गोरखपुर तो ओवैसी को हैदराबाद खदेड़ा जाएगा। इस मुल्क में हमारे बाप-दादा ने कुर्बानी दी है। हम यहां खैरात में नहीं रह रहे हैं। आज मुसलमान को जो खतरा है, वह सिर्फ और सिर्फ मोदी और योगी से है।